दिल्ली नगर निगम के महापौर कार्यालय को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी

ई-मेल में दोपहर 1:11 बजे विस्फोट की चेतावनी, पुलिस ने चलाया सघन तलाशी अभियान; कुछ संदिग्ध नहीं मिला

नई दिल्ली, 24 जुलाई। दिल्ली नगर निगम के महापौर कार्यालय को शुक्रवार सुबह एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया। धमकी ई-मेल के माध्यम से भेजी गई, जिसमें दोपहर 1:11 बजे विस्फोट करने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही महापौर कार्यालय ने तत्काल दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क किया, जिसके बाद पूरे परिसर की व्यापक तलाशी ली गई।

महापौर कार्यालय के अनुसार सुबह 10:23 बजे प्राप्त ई-मेल में बम विस्फोट की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं तथा कार्यालय परिसर के प्रवेश और निकास द्वारों सहित सभी संवेदनशील स्थानों की गहन जांच की। तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया गया।

महापौर कार्यालय ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी तीन से चार बार इसी प्रकार की बम धमकियां मिल चुकी हैं। लगातार मिल रही धमकियों को गंभीरता से लेते हुए पहले ही दिल्ली पुलिस आयुक्त को पत्र भेजकर मामले की विस्तृत जांच, दोषियों की पहचान और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की जा चुकी है।

महापौर कार्यालय ने कहा कि सार्वजनिक संस्थानों और संवैधानिक पदों से जुड़े कार्यालयों को बार-बार इस तरह की धमकियां मिलना बेहद चिंताजनक है। ऐसे मामलों में दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की शरारतपूर्ण और भय फैलाने वाली घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।