छात्र आंदोलन पर भाजपा का नया आरोप झूठ का पुलिंदा, असली मुद्दों से ध्यान भटका रही सरकार : अंकुश नारंग

नई दिल्ली, 24 जुलाई। दिल्ली नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने छात्र आंदोलन को लेकर भाजपा नेताओं के आरोपों को पूरी तरह निराधार और राजनीतिक प्रोपेगेंडा करार दिया है। उन्होंने कहा कि जब देशभर के छात्र अपने भविष्य, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं, तब भाजपा उनकी मांगों का समाधान करने के बजाय विपक्ष पर बेबुनियाद आरोप लगाकर असली मुद्दों से ध्यान भटकाने में लगी है।

अंकुश नारंग ने कहा कि छात्र आंदोलन किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि देश के युवाओं की आवाज़ है। इसे हिंदू-मुस्लिम रंग देने का प्रयास भाजपा की पुरानी राजनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता पहले आंदोलन को बदनाम करते हैं और फिर उसी बदनामी के आधार पर विपक्ष को निशाना बनाने का प्रयास करते हैं।

उन्होंने कहा कि यदि भाजपा के पास आंदोलन की फंडिंग या किसी राजनीतिक दल की संलिप्तता के कोई ठोस सबूत हैं तो उन्हें सार्वजनिक करे। केवल प्रेस बयान जारी कर आरोप लगाना जनता और छात्रों दोनों का अपमान है।

नारंग ने कहा कि भाजपा को यह बताना चाहिए कि पेपर लीक की घटनाओं पर उसकी क्या जवाबदेही है और छात्र लगातार सड़कों पर उतरने को क्यों मजबूर हुए। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों का जवाब देने के बजाय भाजपा विपक्ष पर आरोप लगाकर अपनी विफलताओं को छिपाने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को छात्रों के हितों से अधिक अपनी राजनीतिक छवि की चिंता है। देश का युवा अब समझ चुका है कि उसकी आवाज़ दबाने और मुद्दों को भटकाने की हर कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा।