नई दिल्ली, 24 जुलाई। दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी छात्र आंदोलन को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि करीब एक माह से चल रहे आंदोलन में अब तक किसी ने धर्म या जाति का मुद्दा नहीं उठाया, लेकिन जैसे ही आंदोलन के समाधान और समझौते की संभावना बनी, आम आदमी पार्टी के नेताओं के बयान सामने आने लगे।
कपूर ने कहा कि गोपाल राय ने आंदोलन को हिंदू-मुस्लिम रंग देने का प्रयास किया, जबकि सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से यह स्वीकार किया कि विधायक कुलदीप कुमार लगातार जंतर-मंतर पर मौजूद रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि पिछले कई दिनों से यह चर्चा थी कि आम आदमी पार्टी के नेता आंदोलन को समर्थन और फंडिंग उपलब्ध करा रहे हैं। उनका आरोप है कि पार्टी नेताओं के हालिया बयानों से उनकी भूमिका उजागर हो गई है।
प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि गोपाल राय द्वारा छात्र आंदोलन को सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास और सौरभ भारद्वाज द्वारा कुलदीप कुमार की मौजूदगी स्वीकार करना, दोनों ही आम आदमी पार्टी के राजनीतिक सपने टूटने से उपजी हताशा को दर्शाते हैं।
