दिल्ली की पहली महिला महापौर शकुंतला आर्या का 98 वर्ष की आयु में निधन, भाजपा और एमसीडी ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
नई दिल्ली, 25 जुलाई। दिल्ली भाजपा की पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष और राजधानी की पहली महिला महापौर रही शकुंतला आर्या का 98 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को लोधी रोड श्मशान घाट पर किया गया, जहां बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं, पारिवारिक सदस्यों और शुभचिंतकों ने उपस्थित होकर उन्हें अंतिम विदाई दी।

दिल्ली नगर निगम की ओर से महापौर प्रवेश वाही ने तथा दिल्ली भाजपा की ओर से प्रदेश महामंत्री योगिता सिंह ने शकुंतला आर्या के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर विधायक तरविंद्र सिंह मारवाह, विधायक नीरज बसोया, निगम पार्षद अर्जुन मारवाह तथा मयूर विहार जिला अध्यक्ष विजेन्द्र धामा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद हर्ष मल्होत्रा ने शकुंतला आर्या के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने 1980 के दशक के अंतिम वर्षों से लेकर 2005 तक पार्टी और समाज के लिए निरंतर कार्य किया। उन्होंने महिला शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया और वह वास्तव में महिला नेतृत्व की प्रेरणास्रोत थीं।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि वर्ष 1997 में महापौर के रूप में शकुंतला आर्या द्वारा चलाया गया “स्वच्छ दिल्ली अभियान” उस समय राजधानी में जनजागरूकता का बड़ा माध्यम बना था और लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान को याद करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि शकुंतला आर्या का जीवन सेवा, समर्पण और महिला सशक्तिकरण का प्रतीक था। उनके निधन से दिल्ली भाजपा और सामाजिक जीवन में एक महत्वपूर्ण अध्याय का अंत हुआ है।
