खानपुर में गूंजा सुंदरकांड, महापौर प्रवेश वाही ने की दिल्ली की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की प्रार्थना

नई दिल्ली। दक्षिणी क्षेत्र की डिप्टी चेयरपर्सन ममता यादव द्वारा खानपुर गांव में आयोजित भव्य एवं श्रद्धामय सुंदरकांड पाठ में दिल्ली नगर निगम के महापौर प्रवेश वाही ने सहभागिता कर प्रभु श्रीराम एवं संकटमोचन श्रीहनुमान जी का पूजन-अर्चन किया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श और श्रीहनुमान जी की सेवा, समर्पण एवं पराक्रम की भावना समाज को एकजुट करने की प्रेरणा देती है। सुंदरकांड का पाठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा, विश्वास, सद्भाव और लोककल्याण का संदेश देने का माध्यम भी है।

महापौर ने प्रभु श्रीराम एवं संकटमोचन श्रीहनुमान जी के श्रीचरणों में दिल्ली की सुख-समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य, सामाजिक सौहार्द और जनकल्याण की कामना करते हुए कहा कि राजधानी निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़े तथा प्रत्येक नागरिक का जीवन खुशहाली, सुरक्षा और समृद्धि से परिपूर्ण हो।

उन्होंने आयोजन के लिए दक्षिणी क्षेत्र की डिप्टी चेयरपर्सन ममता यादव की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने, भारतीय परंपराओं को सशक्त बनाने और नई पीढ़ी को अपने संस्कारों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से सुंदरकांड का पाठ किया और प्रभु श्रीराम के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। महापौर प्रवेश वाही ने उपस्थित श्रद्धालुओं का अभिवादन करते हुए सभी के सुखद एवं मंगलमय जीवन की कामना की।