उपलब्धियों और जनसेवाओं के साथ भारत मंडपम में छाया एमसीडी, नागरिकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना निगम का स्टॉल

नई दिल्ली, 25 जुलाई। भारत मंडपम, प्रगति मैदान में आयोजित दिल्ली सरकार अचीवमेंट एंड स्कीम एक्सपो-2026 में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) का स्टॉल नागरिकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना। 25 से 27 जुलाई तक आयोजित इस प्रदर्शनी में एमसीडी ने अपनी नागरिक-केंद्रित योजनाओं, डिजिटल सेवाओं, पर्यावरण संरक्षण अभियानों और जनकल्याणकारी पहलों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया। 

एमसीडी के स्टॉल पर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, नागरिकों और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने पहुंचकर निगम की प्रमुख योजनाओं और सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी में संपत्ति कर विभाग, पर्यावरण प्रबंधन सेवा विभाग (डैम्स), पशु चिकित्सा सेवा विभाग और जन स्वास्थ्य विभाग ने आकर्षक मॉडल, इंटरैक्टिव डिस्प्ले, डिजिटल पैनलों तथा जनजागरूकता सामग्री के माध्यम से अपनी उपलब्धियों और योजनाओं को प्रस्तुत किया।

अधिकारियों ने आगंतुकों को ऑनलाइन संपत्ति कर भुगतान, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, पशु चिकित्सा सेवाओं और जन स्वास्थ्य कार्यक्रमों से जुड़ी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही निगम द्वारा नागरिक सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सरल और तकनीक आधारित बनाने के प्रयासों से भी लोगों को अवगत कराया गया।

एमसीडी ने कहा कि यह प्रदर्शनी नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण मंच है, जिसके माध्यम से निगम बेहतर नागरिक सेवाएं, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित कर रहा है।

 

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे 25 से 27 जुलाई तक भारत मंडपम के हॉल संख्या 8, 9 और 10 में स्थित स्टॉल संख्या 71 पर पहुंचकर एमसीडी की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित दिल्ली के निर्माण में सहभागी बनें।