धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का संदेश बना श्री सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन

दक्षिण ज़ोन की डिप्टी चेयरपर्सन ममता यादव के आयोजन में नेता सदन जय भगवान यादव और चेयरमैन धर्मवीर सिंह हुए शामिल

नई दिल्ली, 25 जुलाई। दिल्ली नगर निगम के दक्षिण ज़ोन की डिप्टी चेयरपर्सन ममता यादव द्वारा आयोजित श्री सुंदरकांड पाठ के भव्य एवं श्रद्धामय आयोजन में दिल्ली नगर निगम के नेता सदन जय भगवान यादव तथा दक्षिण ज़ोन के चेयरमैन धर्मवीर सिंह ने सहभागिता कर प्रभु श्रीराम के परम भक्त संकटमोचन श्रीहनुमान जी के श्रीचरणों में नमन किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर नेता सदन जय भगवान यादव ने कहा कि श्री सुंदरकांड पाठ जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं। ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं को सशक्त बनाने के साथ समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करते हैं।

दक्षिण ज़ोन के चेयरमैन धर्मवीर सिंह ने कहा कि प्रभु श्रीहनुमान जी की कृपा से समाज में सुख, शांति, समृद्धि और सद्भाव बना रहे, यही हमारी प्रार्थना है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों से लोगों में सेवा, संस्कार और राष्ट्रहित की भावना मजबूत होती है।

दोनों जनप्रतिनिधियों ने प्रभु श्रीहनुमान जी से समस्त जनमानस के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए आयोजन की सफलता के लिए दक्षिण ज़ोन की डिप्टी चेयरपर्सन ममता यादव तथा सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएँ दीं।