कैब चालक की सनसनीखेज हत्या का 24 घंटे में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी शामिल

नई दिल्ली, 26 जुलाई। शाहदरा जिले की स्पेशल स्टाफ और कृष्णा नगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कैब चालक की सनसनीखेज हत्या के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है, जबकि चौथे आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को रोड नंबर-57, मेट्रो पिलर संख्या-90, कृष्णा नगर के पास एक कैब चालक के खून से लथपथ होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को एक मारुति वैगन-आर कार में चालक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसे डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान पश्चिम विनोद नगर निवासी 40 वर्षीय विजय कुमार के रूप में हुई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए शाहदरा जिला पुलिस ने विशेष जांच दल गठित किया। सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को दबोच लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान न्यू सीलमपुर निवासी 20 वर्षीय अयान, 19 वर्षीय साहिल तथा 17 वर्षीय नाबालिग के रूप में हुई है। चौथे आरोपी अमन की पहचान हो चुकी है और उसकी तलाश जारी है।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने शराब पीने के बाद आसान पैसे कमाने के लिए कैब चालक को लूटने की साजिश रची थी। अमन ने ऑनलाइन ऐप के जरिए कैब बुक कराई। चित्रा विहार रेड लाइट के पास चारों ने चालक पर चाकू से कई वार किए और कार लेकर फरार हो गए। हालांकि, लोगों द्वारा पीछा किए जाने पर उन्होंने कार ईस्ट आजाद नगर मेट्रो स्टेशन के पास छोड़ दी।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े, खून से सनी वैगन-आर कार, जैविक साक्ष्य, वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन और अन्य अहम सबूत बरामद किए हैं।

शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि वैज्ञानिक जांच, सीसीटीवी विश्लेषण, तकनीकी निगरानी और पुलिस टीमों के उत्कृष्ट समन्वय के चलते इस ब्लाइंड मर्डर केस का बेहद कम समय में खुलासा संभव हो सका। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।