वन महोत्सव में गूंजा हरित दिल्ली का संकल्प, विधायक अनिल शर्मा व चेयरमैन धर्मवीर सिंह ने किया वृक्षारोपण
नई दिल्ली, 26 जुलाई। आर.के. पुरम सेक्टर-9 स्थित डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल परिसर में आयोजित “वन महोत्सव” कार्यक्रम के दौरान दक्षिण ज़ोन के चेयरमैन एवं आर.के. पुरम वार्ड-152 के निगम पार्षद धर्मवीर सिंह ने आर.के. पुरम के विधायक अनिल शर्मा के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर धर्मवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रेरणादायी मार्गदर्शन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में हरित दिल्ली का संकल्प निरंतर साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति की धरोहर नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन, स्वच्छ पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं। प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बच्चों का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि पर्यावरण संरक्षण केवल आज की आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की जिम्मेदारी भी है। यदि समाज के सभी वर्ग इस अभियान से जुड़ें तो दिल्ली को और अधिक हरित एवं स्वच्छ बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
