नई दिल्ली। राजधानी में मानसून की सक्रियता के साथ डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया का खतरा बढ़ने लगा है। इसे देखते हुए दिल्ली नगर निगम की महापौर प्रवेश वाही ने अधिकारियों को वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महापौर के निर्देश पर निगम की टीमें घर-घर जाकर मच्छरों के लार्वा की जांच कर रही हैं। सार्वजनिक नालियों, जलभराव वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव और फॉगिंग अभियान तेज कर दिया गया है। जिन स्थानों पर मच्छरों के पनपने की स्थिति मिलेगी, वहां नोटिस जारी करने के साथ नियमानुसार चालान भी किए जाएंगे।
प्रवेश वाही ने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि निगम के सभी अस्पताल डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के मरीजों के उपचार के लिए पूरी तरह तैयार रहें। अस्पतालों में आवश्यक बेड, दवाएं, जांच सुविधाएं और चिकित्सा कर्मियों की पर्याप्त व्यवस्था रखने को कहा गया है, ताकि मरीजों को तत्काल और प्राथमिकता के आधार पर उपचार मिल सके।
महापौर ने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे अपने घरों, छतों, कूलरों, गमलों और अन्य स्थानों पर पानी जमा न होने दें। उन्होंने कहा कि डेंगू के खिलाफ लड़ाई केवल निगम की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है और जनभागीदारी से ही इस चुनौती पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
