सदर बाजार में तैर रहा भाजपा सरकार का विकास, कमर तक जलभराव के बीच बच्चे स्कूल जाने को मजबूर- सौरभ भारद्वाज
देश की राजधानी दिल्ली में भाजपा की चार इंजन सरकार जलभराव रोकने में पूरी तरह नाकाम है- अंकुश नारंग
नई दिल्ली, 28 जुलाई ।भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार के तमाम दावों के बावजूद दिल्ली में जगह जगह जलभराव का होना जारी है। मंगलवार को बारिश के चलते दिल्ली का सबसे बड़ा थोक बाजार में भारी जल भराव होने पर आम आदमी पार्टी ने रेखा गुप्ता सरकार को आड़े हाथ लिया है। “आप” के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सदर बाजार की एक सड़क पर कमर तक हुए जल भराव के बीच पेरेंट्स के कंधों पर बैठ कर स्कूल जा रहे बच्चों का वीडियो एक्स पर साझा कर कहा कि भाजपा सरकार का विकास सदर बाजार में तैर रहा है। कमर तक जलभराव के बीच बच्चे स्कूल जाने को मजबूर हैं।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली के सबसे बड़े थोक बाजारों में से एक, सदर बाजार में स्कूली बच्चे कमर तक भरे बारिश के पानी के बीच से गुजरने को मजबूर हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से कहा कि थैंक यू सीएम रेखा गुप्ता जी, जेन-जी के बाद अब जेन अल्फा भी भाजपा की कर्जदार रहेगी।
सौरभ भारद्वाज की ओर से साझा की गई वीडियो में दिख रहा है कि कैसे स्कूली बच्चे कमर तक भरे बारिश के पानी के बीच से गुजरने को मजबूर हैं। विजुअल में छोटे बच्चे अपने माता-पिता के कंधे पर बैठ कर जाते दिखाई दे रहे हैं। दुकानों में भी पानी भर चुका है।एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने एक्स पर कहा कि देश की राजधानी दिल्ली में भाजपा की चार इंजन सरकार जलभराव रोकने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई। भाजपा की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मंत्री प्रवेश वर्मा और मेयर प्रवेश वाही के जलभराव को लेकर किए गए बड़े-बड़े दावों की आज फिर पोल खुल गई।

अंकुश नारंग ने कहा कि दिल्ली के सबसे बड़े थोक सदर बाज़ार में कमर तक बारिश का पानी भर गया, जहाँ इसी जलभराव के बीच स्कूली बच्चों और आम लोगों को जान जोखिम में डालकर गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने पूछा कि क्या यही भाजपा का विकास मॉडल है? दिल्ली की जनता को दावे नहीं, जलभराव से स्थाई राहत चाहिए।

अंकुश नारंग ने कहा कि देश की राजधानी और दिल्ली की पहचान माने जाने वाले कनॉट प्लेस का भी बारिश के दौरान जलभराव से बुरा हाल हो गया। हालात ऐसे थे कि कनॉट प्लेस के एक मशहूर रेस्टोरेंट में तक बारिश का पानी घुस गया और पूरा इलाका जलमग्न हो गया। उन्होंने कहा कि जब राजधानी के सबसे प्रमुख और वीआईपी क्षेत्रों की यह स्थिति है, तो आम दिल्लीवासियों को किन-किन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा होगा, इसका सहज अंदाज़ा लगाया जा सकता है। भाजपा की चार इंजन सरकार ने मानसून की तैयारियों और जलभराव रोकने के बड़े-बड़े दावे किए थे, लेकिन पहली ही तेज़ बारिश में वे दावे पूरी तरह धराशायी हो गए। आज हकीकत यह है कि भाजपा के सभी दावे ज़मीन पर नहीं, बल्कि बारिश के पानी में बहते हुए दिखाई दे रहे हैं।
