गुरु पूर्णिमा पर मास्टर जय भगवान यादव ने काली माता मंदिर में पूज्य पुजारी का किया सम्मान

नई दिल्ली। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर दिल्ली नगर निगम में नेता सदन एवं बेगमपुर वार्ड-27 के पार्षद मास्टर जय भगवान यादव ने राजीव नगर एक्सटेंशन स्थित श्री काली माता मंदिर पहुंचकर पूज्य पुजारी का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय श्रद्धालु एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

मास्टर जय भगवान यादव ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। गुरु ही व्यक्ति को ज्ञान, संस्कार, सेवा और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु का आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और गुरु पूर्णिमा का पर्व हमें अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान, श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने का संदेश देता है।

उन्होंने सभी गुरुजनों को गुरु पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज में गुरु परंपरा को सशक्त बनाए रखना हम सभी का दायित्व है। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश, समाज और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।