कांवड़ यात्रा के दौरान प्रमुख मार्गों पर मीट की दुकानें बंद करने की मांग

महापौर प्रवेश वाही ने आयुक्त को लिखा पत्र, शिवरात्रि तक कार्रवाई के दिए निर्देश

नई दिल्ली, 30 जुलाई। दिल्ली नगर निगम के महापौर प्रवेश वाही ने कांवड़ यात्रा और सावन माह के मद्देनज़र निगम आयुक्त को पत्र लिखकर राजधानी की प्रमुख सड़कों तथा कांवड़ शिविरों के आसपास संचालित होने वाली कच्चे और पके मीट की दुकानों एवं रेहड़ियों को तत्काल प्रभाव से बंद कराने की मांग की है।

महापौर ने अपने पत्र में कहा है कि सावन का पवित्र महीना और कांवड़ यात्रा शुरू हो चुकी है। हजारों कांवड़ यात्री दिल्ली की विभिन्न सड़कों से होकर गुजर रहे हैं। ऐसे में रात के समय सड़कों के किनारे अवैध रूप से कच्चे और पके मीट की दुकानें तथा रेहड़ियां लगाई जाती हैं, जहां लोग खुले में मांसाहार करते हैं। उनका कहना है कि इससे सनातन धर्म को मानने वाले लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं।

पत्र में महापौर ने निगम आयुक्त से आग्रह किया है कि महाशिवरात्रि और कांवड़ यात्रा की अवधि तक दिल्ली की प्रमुख सड़कों तथा कांवड़ शिविरों के आसपास संचालित सभी कच्चे और पके मीट की दुकानों एवं रेहड़ियों को बंद कराया जाए, ताकि कांवड़ यात्रियों की यात्रा शांतिपूर्ण और सुगम ढंग से संपन्न हो सके।