पंजाब में पेपर लीक मामलों पर दिल्ली भाजपा का ‘आप’ कार्यालय घेराव, शिक्षा मंत्री की बर्खास्तगी की मांग

नई दिल्ली, 30 जुलाई। पंजाब में कथित पेपर लीक मामलों को लेकर दिल्ली भाजपा ने गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में कैनिंग लेन स्थित आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस की बर्खास्तगी की मांग करते हुए गिरफ्तारी भी दी। पुलिस प्रदर्शनकारियों को मंदिर मार्ग थाने ले गई, जहां लगभग एक घंटे बाद चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए हर्ष मल्होत्रा ने आम आदमी पार्टी पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र में पेपर लीक के मुद्दे पर नैतिकता और इस्तीफे की मांग करने वाली “आप” पंजाब में कई पेपर लीक मामलों के बावजूद अपने शिक्षा मंत्री को संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा, “केंद्र में इस्तीफा, पंजाब में संरक्षण—यही है ‘आप’ का दोहरा चरित्र।”

मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि पंजाब में पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान पंजाब टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट, 12वीं अंग्रेजी परीक्षा, फार्मेसी ऑफिसर भर्ती और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हुए, जिससे हजारों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब के शिक्षा मंत्री की तत्काल बर्खास्तगी, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और राज्य के छात्रों से सार्वजनिक माफी की मांग करती है।

उन्होंने कहा कि “आप ने पंजाब को शिक्षा क्रांति नहीं, बल्कि पेपर लीक क्रांति बना दिया है।” साथ ही चेतावनी दी कि जब तक जिम्मेदारी तय नहीं होगी, भाजपा का आंदोलन जारी रहेगा।प्रदर्शन में सांसद योगेन्द्र चाँदोलिया, कमलजीत सहरावत, बाँसुरी स्वराज, राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, योगिता सिंह, मोहनलाल गिहारा, प्रवीण शंकर कपूर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। युवा मोर्चा, ओबीसी मोर्चा और पूर्वांचल मोर्चा के हजारों कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन में भाग लेकर गिरफ्तारी दी।

विष्णु मित्तल ने कहा कि देश का युवा पंजाब में पेपर लीक मामलों पर आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल की चुप्पी से निराश है। वहीं योगेन्द्र चाँदोलिया ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के खिलाफ मुखर रहने वाला विपक्ष पंजाब के पेपर लीक मामलों पर मौन है। कमलजीत सहरावत ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों से पंजाब के छात्र खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

बाँसुरी स्वराज ने कहा कि केंद्र सरकार ने पेपर लीक रोकने के लिए कड़े कानून बनाए, लेकिन आम आदमी पार्टी ने उसका विरोध किया और अब पंजाब में इसी मुद्दे पर चुप्पी साध रखी है। राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने भी पंजाब सरकार पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए शिक्षा मंत्री की जवाबदेही तय करने की मांग की।