नई दिल्ली, 1 अगस्त। पूर्वी जिले की लक्ष्मी नगर थाना पुलिस ने फर्जी पैकर्स एंड मूवर्स के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने सामान शिफ्ट कराने के नाम पर ग्राहक का पूरा घरेलू सामान उठाने के बाद अतिरिक्त 20 हजार रुपये की मांग की और रुपये लेने के बावजूद सामान नहीं पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर गुरुग्राम से शिकायतकर्ता का पूरा घरेलू सामान बरामद कर लिया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी शकरपुर थाने के एक अन्य आपराधिक मामले में भी वांछित था।
पुलिस के अनुसार, लक्ष्मी नगर निवासी कुमार विकास आनंद ने 12 जुलाई 2026 को ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि बिहार सामान भेजने के लिए उन्होंने स्पेस लॉजिस्टिक्स पैकर्स एंड मूवर्स की सेवाएं ली थीं। कंपनी के कर्मचारियों ने 1 और 8 जुलाई को उनके घर का पूरा सामान उठा लिया, लेकिन बाद में डिलीवरी करने के बजाय 20 हजार रुपये अतिरिक्त मांगे। शिकायतकर्ता ने पहले 500 रुपये और बाद में 19,500 रुपये ऑनलाइन भेज दिए, फिर भी सामान नहीं पहुंचाया गया।
मामले की जांच हेड कांस्टेबल मनोज खारी को सौंपी गई। एसएचओ लक्ष्मी नगर और एसीपी प्रीत विहार के निर्देशन में हेड कांस्टेबल मनोज खारी और हेड कांस्टेबल प्रवीण तेवतिया की टीम ने तकनीकी निगरानी, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण और लगातार छापेमारी के जरिए आरोपी अजय कुमार सिंह (26) निवासी विष्णु गार्डन, गुरुग्राम (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर गुरुग्राम से शिकायतकर्ता का पूरा घरेलू सामान बरामद किया गया। बरामद सामान में रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन, एलसीडी टीवी, रसोई का सामान, घरेलू उपयोग की अन्य वस्तुएं तथा 15 कार्टन बॉक्स शामिल हैं।
जांच में यह भी पता चला कि आरोपी दिल्ली के शकरपुर थाने में दर्ज एक अन्य आपराधिक मामले में भी वांछित था। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि उसने इसी तरह की ठगी की कितनी और वारदातों को अंजाम दिया है।
पूर्वी जिला पुलिस के अनुसार, तकनीकी जांच, सतत निगरानी और त्वरित कार्रवाई के चलते न केवल पूरा सामान बरामद किया गया, बल्कि एक अन्य आपराधिक मामले का भी खुलासा हुआ है। मामले की आगे की जांच जारी है।
