नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल की नेता नाज़िया दानिश ने भाजपा और आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि दोनों दलों की राजनीतिक टकराहट के कारण सदन की कार्यवाही लगातार प्रभावित हो रही है और इसका सीधा नुकसान दिल्ली की जनता को उठाना पड़ रहा है।
नाज़िया दानिश ने कहा कि “भाजपा सदन चलाना नहीं चाहती, वहीं आम आदमी पार्टी भी सदन को चलने देना नहीं चाहती। दोनों दल जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाकर राजनीतिक नौटंकी में लगे हैं।” उन्होंने कहा कि जलभराव, सफाई, मच्छरजनित बीमारियों, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, कर्मचारियों के लंबित मामलों और विकास कार्यों जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा होने के बजाय सदन में केवल हंगामा किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आप की आपसी राजनीति के कारण नगर निगम की व्यवस्था चरमरा रही है। कांग्रेस ने मांग की कि निगम सदन को सुचारु रूप से चलाया जाए ताकि दिल्लीवासियों से जुड़े अहम विषयों पर चर्चा हो और उनका समाधान निकाला जा सके।
नाज़िया दानिश ने कहा कि कांग्रेस जनता के हितों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी और निगम प्रशासन को उसकी जिम्मेदारियों का अहसास कराती रहेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता राजनीतिक संघर्ष नहीं, बल्कि साफ-सफाई, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और विकास चाहती है।
