मनोज कुमार जैन के प्रयासों से दरियागंज में तीन स्थानों पर लगी हाई मास्ट लाइटें

नई दिल्ली। दरियागंज क्षेत्र में लंबे समय से अंधेरे और अपर्याप्त प्रकाश व्यवस्था से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है। दरियागंज फेडरेशन के संरक्षक एवं मनोनीत निगम पार्षद मनोज कुमार जैन के अथक प्रयासों तथा उनकी निधि (फंड) से क्षेत्र के तीन महत्वपूर्ण स्थानों पर हाई मास्ट लाइटों का लोकार्पण किया गया।

लोकार्पण समारोह में स्थानीय विधायक तरवेंद्र सिंह मारवा और मनोनीत निगम पार्षद मनोज कुमार जैन ने संयुक्त रूप से हाई मास्ट लाइटों का उद्घाटन किया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों और फेडरेशन के पदाधिकारियों ने इसे क्षेत्र की सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

दरियागंज फेडरेशन ने इस जनहितकारी कार्य के लिए विधायक तरवेंद्र सिंह मारवा और मनोनीत निगम पार्षद मनोज कुमार जैन का आभार व्यक्त किया। साथ ही दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के सौजन्य से इस कार्य के संपन्न होने पर भी धन्यवाद ज्ञापित किया।

फेडरेशन ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी क्षेत्र के विकास, बेहतर आधारभूत सुविधाओं और नागरिक हितों से जुड़े कार्यों में जनप्रतिनिधियों का सहयोग इसी प्रकार मिलता रहेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाई मास्ट लाइटें लगने से रात के समय आवागमन अधिक सुरक्षित होगा और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी।