एमसीडी में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, केशवपुरम जोन के बेलदार महेश कुमार शर्मा गिरफ्तार
बिल्डिंग विभाग के जूनियर इंजीनियर दिलखुश मीणा, पूर्व निगम कर्मचारी अरुण यादव और कथित बिचौलिया रत्नेश के खिलाफ एफआईआर; दो आरोपी फरार
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम में कथित रिश्वतखोरी के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केशवपुरम जोन के बेलदार महेश कुमार शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में बिल्डिंग विभाग के जूनियर इंजीनियर दिलखुश मीणा, पूर्व निगम कर्मचारी अरुण यादव तथा कथित बिचौलिया रत्नेश के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है।
सीबीआई के अनुसार, मामले की जांच जारी है। गिरफ्तार बेलदार महेश कुमार शर्मा से पूछताछ की जा रही है, जबकि एफआईआर में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। जांच एजेंसी का कहना है कि रिश्वतखोरी से जुड़े दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद दिल्ली नगर निगम के संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया है। जांच एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि इस कथित भ्रष्टाचार के नेटवर्क में अन्य अधिकारियों या कर्मचारियों की कोई भूमिका रही है या नहीं। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
