बड़ी खबर : MCD CENTRAL ZONE के बिल्डिंग विभाग में 15 साल से जमे सीनियर स्टेनों के ट्रांसफर के बाद शुरू हुआ बड़ा खेल..छुट्टी वाला हथकंडा अपनाकर वापसी की हो रही तैयारी?
बड़ी खबर : MCD सेंट्रल जोन के बिल्डिंग विभाग में 15 साल से जमे सीनियर स्टेनो के ट्रांसफर के बाद शुरू हुआ नया खेल! छुट्टी के हथकंडे से वापसी की तैयारी?नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के सेंट्रल जोन के बिल्डिंग विभाग में वर्षों से जमे एक सीनियर स्टेनो के तबादले के बाद अब नया विवाद सामने आ रहा है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, करीब 15 वर्षों तक एक ही महत्वपूर्ण शाखा में कार्यरत रहने के बाद ट्रांसफर आदेश जारी हुआ, लेकिन अब कथित रूप से छुट्टी का सहारा लेकर उसी विभाग में दोबारा वापसी की तैयारी किए जाने की चर्चा तेज हो गई है।
सूत्रों का दावा है कि ट्रांसफर आदेश लागू होने के बावजूद संबंधित कर्मचारी ने अवकाश का रास्ता अपनाया है। विभाग के अंदर इस बात की चर्चा है कि अवकाश समाप्त होने के बाद फिर से उसी शाखा में तैनाती कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। यदि ऐसा होता है तो ट्रांसफर नीति और प्रशासनिक पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो सकते हैं।
जानकारों का कहना है कि लंबे समय तक एक ही संवेदनशील विभाग में तैनाती पहले से ही सवालों के घेरे में रही है। अब यदि ट्रांसफर के बाद भी पुराने पद पर वापसी होती है तो इससे निगम की स्थानांतरण व्यवस्था की निष्पक्षता पर भी प्रश्नचिह्न लगेंगे।
सूत्रों के मुताबिक पूरे मामले की जानकारी निगम के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच चुकी है। विभागीय कर्मचारियों के बीच भी इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है और सभी की नजर इस बात पर है कि प्रशासन ट्रांसफर आदेश को प्रभावी ढंग से लागू करता है या नहीं।
यदि छुट्टी के माध्यम से ट्रांसफर आदेश को निष्प्रभावी करने का प्रयास हुआ है तो यह मामला उच्चस्तरीय जांच का विषय बन सकता है। अब देखना यह होगा कि एमसीडी प्रशासन इस पूरे प्रकरण में क्या रुख अपनाता है और क्या ट्रांसफर आदेश की मूल भावना को बरकरार रखा जाता है।
