‘GEN-Z सम्मेलन’ में उमड़ा युवाओं का जनसैलाब, रमेश बिधूड़ी बोले— युवा बनें विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत, किसी की राजनीति का टूल नहीं

तुगलकाबाद में आयोजित सम्मेलन में 2,500 से अधिक युवाओं की भागीदारी, दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद रहे मुख्य अतिथि

नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के तुगलकाबाद ग्राउंड, एम.बी. रोड पर रविवार को आयोजित ‘GEN-Z सम्मेलन’ में युवाओं का उत्साह देखने को मिला। सम्मेलन में दक्षिणी दिल्ली जिले के करीब 2,500 युवाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिल्ली सरकार के गृह, विद्युत, शहरी विकास एवं शिक्षा मंत्री आशीष सूद रहे, जबकि आयोजन की अगुवाई दक्षिणी दिल्ली के पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी ने की।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए रमेश बिधूड़ी ने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा राष्ट्र है और देश का भविष्य युवाओं के हाथों में सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का सपना तभी साकार होगा जब युवा राष्ट्र निर्माण में अपनी पूरी क्षमता के साथ योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि युवा केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान के परिवर्तन के सबसे बड़े वाहक हैं।

बिधूड़ी ने कहा कि देश की लगभग 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है और भारत की औसत आयु दुनिया के कई विकसित देशों से कम है। यही भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब-जब युवाओं ने नेतृत्व किया, तब-तब सामाजिक परिवर्तन और नए भारत का निर्माण हुआ।

उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति ने शिक्षा को रोजगार और कौशल से जोड़ा है। स्किल इंडिया मिशन के माध्यम से करोड़ों युवाओं को प्रशिक्षण मिला, मुद्रा योजना ने लाखों युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार का अवसर दिया, जबकि स्टार्टअप इंडिया और स्टैंड-अप इंडिया जैसी योजनाओं ने युवाओं में उद्यमिता को नई पहचान दी। उन्होंने कहा कि आज भारत स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल हो चुका है।

पूर्व सांसद ने कहा कि सरकार की नीतियों का उद्देश्य युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। खेलो इंडिया, माय भारत और डिजिटल शिक्षा जैसी पहलों ने युवाओं की प्रतिभा को नई दिशा दी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने जीवन का लक्ष्य तय करें, कड़ी मेहनत करें और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें।

अपने संबोधन के अंत में रमेश बिधूड़ी ने युवाओं से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि वे अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग देश के विकास के लिए करें तथा किसी की राजनीति का ‘टूल’ बनने से बचें।

मुख्य अतिथि आशीष सूद ने भी युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल, नवाचार और रोजगार के नए अवसर सृजित किए गए हैं और आने वाला समय भारत के युवाओं का है।

कार्यक्रम में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष बलबीर सिंह बल्ली, निगम पार्षद गुड्डी रविंद्र चौधरी और निखिल चपराना, पूर्व निगम पार्षद नीरज गुप्ता, राजपाल पोसवाल, पूनम भाटी सहित दक्षिणी दिल्ली जिले के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन के दौरान युवाओं ने विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया।