“रक्त किसी फैक्ट्री में नहीं बन सकता”— विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने रक्तदान को बताया राष्ट्रसेवा का सर्वोच्च माध्यम
'एक बूंद – देश के लिए' महाअभियान में सेना को समर्पित रक्तदान शिविर, 3,100 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य; शुरुआती घंटों में 1,000 से अधिक लोगों ने किया रक्तदान
नई दिल्ली, 2 अगस्त।दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि रक्त किसी फैक्ट्री में नहीं बनाया जा सकता और न ही धन-दौलत से इसकी पूर्ति संभव है। इसका एकमात्र स्रोत मानवता है, इसलिए रक्तदान राष्ट्र और समाज के प्रति सबसे महान सेवा है। उन्होंने लोगों से नियमित रक्तदान का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद या देश की सीमाओं पर तैनात सैनिक का जीवन बचा सकता है।

रोहिणी सेक्टर-10 स्थित जापानी पार्क के निकट आयोजित ‘एक बूंद – देश के लिए’ विशाल रक्तदान शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय सेना के शौर्य और बलिदान के कारण ही विश्व में भारत का सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद सैनिकों और सैन्य अधिकारियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि रक्तदान का यह अभियान सैनिकों के प्रति देशवासियों की कृतज्ञता का प्रतीक है।
इस महाअभियान का नेतृत्व समाजसेवी एवं ‘दिल्ली के ब्लड मैन’ के नाम से प्रसिद्ध विपिन गर्ग ने किया। कार्यक्रम में बताया गया कि उन्होंने इस अभियान के संकल्प के लिए सात माह तक जूते-चप्पल और भोजन का त्याग किया। उनके आह्वान पर देश के 20 से अधिक राज्यों की 50 से ज्यादा सामाजिक संस्थाएं और हजारों स्वयंसेवक इस अभियान से जुड़े।

आयोजकों के अनुसार शिविर में देश के नौ प्रमुख अस्पतालों की टीमों ने रक्त संग्रह की व्यवस्था संभाली, जबकि भारतीय सेना के लिए विशेष रक्तदान केंद्र भी बनाए गए। शिविर का लक्ष्य 3,100 यूनिट रक्त एकत्र करना रखा गया है। अभियान के शुरुआती घंटों में ही 1,000 से अधिक लोगों ने रक्तदान कर इस लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
विजेंद्र गुप्ता ने रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने पर भी जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति प्रत्येक तीन महीने में सुरक्षित रूप से रक्तदान कर सकता है और इससे शरीर कमजोर नहीं होता। उन्होंने कहा कि समाज में जागरूकता बढ़ने से आपातकालीन परिस्थितियों में किसी भी मरीज को रक्त की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने लक्ष्मी तरु फाउंडेशन और सभी सहयोगी संस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान मानवता, राष्ट्रसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस आयोजन से प्रेरित होकर अधिक से अधिक लोग नियमित रक्तदान के लिए आगे आएंगे और समाज में सेवा की भावना को नई मजबूती मिलेगी।
