मेयर को धमकी भरा ईमेल, 15 अगस्त से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट

लाल किला, संसद, निगम कार्यालय और स्कूल को निशाना बनाने का दावा; पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू की जांच

नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली नगर निगम की मेयर को भेजे गए एक धमकी भरे ईमेल ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। ईमेल में 3 अगस्त से 15 अगस्त के बीच किसी भी दिन राजधानी में विस्फोट करने का दावा किया गया है। इसमें लाल किला, संसद, दिल्ली नगर निगम कार्यालय और एक स्कूल का उल्लेख करते हुए उन्हें संभावित निशाना बताए जाने का दावा किया गया है।

ईमेल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का भी उल्लेख किया गया है। साथ ही 15 अगस्त के सरकारी कार्यक्रमों में शामिल न होने और बच्चों को ऐसे आयोजनों से दूर रखने जैसी धमकी भरी बातें लिखी गई हैं। ईमेल में कुछ खालिस्तान समर्थक संगठनों के नाम का भी उल्लेख किया गया है।

धमकी भरा यह ईमेल दिल्ली नगर निगम के आधिकारिक ईमेल पते पर प्राप्त हुआ। मामला सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को तत्काल सूचना दी गई। ईमेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है और उसके स्रोत, आईपी एड्रेस तथा भेजने वाले की पहचान का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए राजधानी में पहले से ही व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू है। ऐसे में इस तरह के धमकी भरे ईमेल को सुरक्षा एजेंसियों ने गंभीरता से लिया है। संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा और निगरानी को और सख्त किए जाने की संभावना है।

जांच जारी पुलिस और संबंधित एजेंसियां ईमेल में किए गए दावों की सत्यता की जांच कर रही हैं। अभी तक किसी भी संभावित हमले की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।