बेगमपुर में भक्ति का सैलाब, कलश यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

नेता सदन जय भगवान यादव बोले— धर्म और संस्कृति की परंपरा समाज को जोड़ने की सबसे बड़ी शक्ति

नई दिल्ली। बेगमपुर वार्ड-27 के अंतर्गत रोहिणी सेक्टर-24, पॉकेट-26 स्थित मंदिर में आयोजित भव्य कलश यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था देखते ही बन रही थी। धार्मिक जयघोषों और भक्ति के वातावरण के बीच दिल्ली नगर निगम के नेता सदन एवं स्थायी समिति सदस्य जय भगवान यादव ने यात्रा में भाग लेकर श्रद्धालुओं का अभिवादन किया। 

इस अवसर पर जय भगवान यादव ने आयोजन समिति के प्रमुख भूपेंद्र शर्मा एवं उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना को सशक्त बनाते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा से यह परंपरा निरंतर आगे बढ़े और प्रत्येक वर्ष इसी भव्यता के साथ ऐसे आयोजन होते रहें।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने “जय श्री राम” और “हर-हर महादेव” के जयघोषों से पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने कलश यात्रा में भाग लेकर धर्म एवं संस्कृति के प्रति अपनी आस्था का परिचय दिया।

जय भगवान यादव ने कहा कि समाज को जोड़ने और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।