निगम अस्पतालों की बदली तस्वीर: हिंदू राव में स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा विस्तार
महापौर प्रवेश वाही ने अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का किया लोकार्पण, डीएनबी शिक्षा के 25 वर्ष पूरे होने पर रजत जयंती समारोह
नई दिल्ली। राजधानी के सबसे बड़े निगम अस्पतालों में शामिल हिंदू राव अस्पताल ने सोमवार को स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नई उपलब्धि हासिल की। दिल्ली नगर निगम के महापौर प्रवेश वाही ने अस्पताल में अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों, आधुनिक स्वास्थ्य अवसंरचना और कई नई उपचार सुविधाओं का लोकार्पण किया। इसी अवसर पर वर्ष 2001 में शुरू हुए डीएनबी (डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड) कार्यक्रम के 25 वर्ष पूरे होने पर रजत जयंती समारोह का भी आयोजन किया गया। समारोह में निगम प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और चिकित्सा जगत से जुड़े बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

लोकार्पित सुविधाओं में उन्नत कैजुअल्टी (आपातकालीन) विभाग, इंटीग्रेटेड ब्लड सैंपल कलेक्शन सेंटर, धर्मशाला एवं फिजियोथेरेपी ब्लॉक, अत्याधुनिक 4K लैप्रोस्कोपी सिस्टम, सी-आर्म मशीन, ऑप्टिकल कोहेरेंस टोमोग्राफी (ओसीटी), विजुअल फील्ड एनालाइज़र, फंडस कैमरा, फेको इमल्सिफिकेशन मशीन, नॉन-कॉन्टैक्ट टोनोमीटर, क्रायोएब्लेटर, न्यूमेटिक लिथोट्रिप्टर, पीडियाट्रिक स्पाइरोमीटर, सीटीजी, आधुनिक लेबर रूम तथा आधुनिक जिम से सुसज्जित फिजियोथेरेपी विभाग शामिल हैं। इन सुविधाओं से मरीजों को अधिक सटीक जांच, बेहतर उपचार और कम समय में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि हिंदू राव अस्पताल से उनका वर्षों पुराना भावनात्मक जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम के अस्पताल अब आधुनिक मशीनों और विशेषज्ञ चिकित्सकों के बल पर निजी अस्पतालों के समकक्ष स्वास्थ्य सेवाएं देने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सहयोग और मार्गदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि निगम अस्पतालों का लगातार आधुनिकीकरण किया जा रहा है ताकि हर नागरिक को निःशुल्क और बेहतर इलाज मिल सके। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों से मरीजों के प्रति संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने की भी अपील की।

समारोह में उप-महापौर डॉ. मोनिका पंत, स्थायी समिति की अध्यक्षा सत्या शर्मा, उपाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, चिकित्सा सहायता एवं जन-स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष मनीष चड्ढा, सिटी एसपी ज़ोन की अध्यक्षा उषा शर्मा, पार्षद विकास टांक, राजपाल राणा, आयुक्त संजीव खिरवार, अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल तथा चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुमन मेहंदीरत्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे।

डीएनबी कार्यक्रम की 25 वर्ष की यात्रा भी समारोह का प्रमुख आकर्षण रही। वर्ष 2001 में आठ विशेषज्ञताओं और 21 सीटों से शुरू हुआ यह कार्यक्रम आज 10 विशेषज्ञताओं में 51 मान्यता प्राप्त सीटों तक पहुंच चुका है। अस्पताल में वर्तमान में 71 फैकल्टी सदस्य चिकित्सा शिक्षा और प्रशिक्षण का दायित्व निभा रहे हैं, जिससे हिंदू राव अस्पताल चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी अग्रणी संस्थानों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है।

स्थायी समिति की अध्यक्षा सत्या शर्मा ने कहा कि आधुनिक मशीनों और नई सुविधाओं से हजारों मरीजों को बेहतर उपचार मिलेगा तथा निगम अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी। अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल ने इसे हिंदू राव अस्पताल के इतिहास का महत्वपूर्ण दिन बताते हुए कहा कि दिल्ली नगर निगम नागरिकों को आधुनिक, सुलभ और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के अंत में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुमन मेहंदीरत्ता ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निगम प्रशासन और इंजीनियरिंग विभाग के सहयोग से अस्पताल लगातार आधुनिक चिकित्सा और चिकित्सा शिक्षा के नए मानक स्थापित कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि हिंदू राव अस्पताल भविष्य में भी राजधानी के नागरिकों को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।
