SIR फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 17 अगस्त तक बढ़ी, समय रहते करें आवेदन

नई दिल्ली। चुनाव आयोग द्वारा दिल्ली में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 17 अगस्त 2026 कर दी गई है। मतदाताओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने फॉर्म सही जानकारी और आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा करें, ताकि मतदाता सूची में उनका नाम सही रूप से दर्ज हो सके।

इस संबंध में निगम पार्षद किरण बाला (दिल्ली गेट, वार्ड-77) एवं पूर्व निगम पार्षद राकेश कुमार ने नागरिकों से समय रहते SIR फॉर्म भरने और जमा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी करें, जिससे किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित नई समय-सीमा के अनुसार 17 अगस्त 2026 तक फॉर्म स्वीकार किए जाएंगे। नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे सभी आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें और सही जानकारी के साथ आवेदन जमा करें, ताकि भविष्य में मतदान के अधिकार का उपयोग करने में कोई बाधा न आए।

दोनों जनप्रतिनिधियों ने लोगों से अपने परिवार, पड़ोस और परिचितों को भी SIR अभियान की जानकारी देने तथा अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं को समय रहते फॉर्म जमा कराने के लिए जागरूक करने की अपील की।