विधायक अनिल शर्मा व दक्षिण ज़ोन चेयरमैन धर्मवीर सिंह ने कांवड़ियों को शुभकामनाओं के साथ किया रवाना

बाबा गंगनाथ मंदिर से गूंजे 'हर-हर महादेव' के जयघोष

नई दिल्ली। सावन मास में चल रही कांवड़ यात्रा के पावन अवसर पर मुनिरका गांव स्थित प्राचीन बाबा गंगनाथ मंदिर में बुधवार को आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। आर.के.पुरम विधानसभा के विधायक अनिल शर्मा और दिल्ली नगर निगम के दक्षिण ज़ोन चेयरमैन धर्मवीर सिंह ने मंदिर पहुंचकर कांवड़ लेने जा रहे शिवभक्तों से मुलाकात की तथा उन्हें शुभकामनाओं के साथ उनकी यात्रा के लिए विदा किया।

दोनों जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं का अभिवादन करते हुए भगवान भोलेनाथ से सभी शिवभक्तों की सुरक्षित, मंगलमय और सफल कांवड़ यात्रा की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा भारतीय संस्कृति, आस्था, सेवा और अनुशासन का जीवंत प्रतीक है तथा लाखों श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक करने निकलते हैं।

दक्षिण ज़ोन चेयरमैन धर्मवीर सिंह ने कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा सभी श्रद्धालुओं एवं उनके परिवारों पर सदैव बनी रहे और सभी की मनोकामनाएँ पूर्ण हों। उन्होंने कांवड़ियों से यात्रा के दौरान अनुशासन, स्वच्छता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की भी अपील की।

मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन करते हुए उत्साहपूर्वक अपनी यात्रा शुरू की। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण पूरी तरह शिवमय और भक्तिमय बना रहा।