संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण से डॉग शेल्टर तक, स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश
समीक्षा बैठक में ट्रांसफर नीति, पौधारोपण, एबीसी कार्यक्रम और डेंगू रोकथाम अभियान पर समयबद्ध कार्रवाई के आदेश
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने गुरुवार को अतिरिक्त आयुक्तों एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण, डॉग शेल्टर होम, पौधारोपण अभियान, शिक्षकों की ट्रांसफर नीति तथा जनस्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में स्थायी समिति के उपाध्यक्ष सत्यपाल सिंह तथा सदन के नेता जयभगवान यादव भी मौजूद रहे।
बैठक में सत्या शर्मा ने अधिकारियों को संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण के लिए स्पष्ट एवं पारदर्शी नीति तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने करुणामूलक आधार पर नियुक्त कर्मचारियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा प्रत्येक दो से तीन माह में इसकी समीक्षा बैठक आयोजित करने को कहा, ताकि पूरी प्रक्रिया की नियमित निगरानी हो सके।
डॉग शेल्टर होम के मुद्दे पर उन्होंने गाज़ीपुर और मसूदपुर में शीघ्र शेल्टर स्थापित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि गाज़ीपुर में भूमि उपलब्ध कराने के लिए दिल्ली सरकार को प्रस्ताव भेजा जा चुका है और स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
पशु चिकित्सा विभाग को निर्देश देते हुए सत्या शर्मा ने कहा कि आवारा कुत्तों के एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) कार्यक्रम का संचालन कर रही गैर-सरकारी संस्थाओं (NGO) के कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए। जो संस्थाएं तय मानकों के अनुरूप कार्य नहीं कर रही हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा सभी एबीसी केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
उद्यान विभाग को निर्देश दिए गए कि सभी वार्डों में संबंधित पार्षदों के सहयोग से कम से कम 100-100 पौधे लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि यह अभियान दिल्ली की हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने शिक्षकों की ट्रांसफर नीति में आवश्यक सुधार करने, स्थानांतरण प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने तथा यथासंभव दूरी के आधार पर ट्रांसफर एवं पोस्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनस्वास्थ्य विभाग को निर्देशित करते हुए सत्या शर्मा ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी कांवड़ शिविरों में प्रतिदिन सुबह-शाम नियमित फॉगिंग कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण मिल सके और डेंगू, मलेरिया सहित अन्य मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम प्रभावी ढंग से हो।
उन्होंने अधिकारियों को घर-घर लार्वा जांच, स्रोत नष्ट करने के अभियान, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण, एंटी-लार्वा गतिविधियों तथा जनजागरूकता कार्यक्रमों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
बैठक के अंत में सत्या शर्मा ने सभी विभागों को जनहित से जुड़े मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि निगम की सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाया जाए।
