रेखा सरकार का बड़ा दांव: सरकारी स्कूलों में तकनीक की क्रांति

डॉ. अमित नागपाल बोले— भाजपा सरकार बच्चों को दे रही विश्वस्तरीय सुविधाएं, पिछली सरकार ने विकास को रोके रखा

नई दिल्ली। दिल्ली की भाजपा सरकार ने सरकारी विद्यालयों में तकनीक आधारित शिक्षा को नई गति देते हुए पीतमपुरा स्थित सर्वोदय विद्यालय में अत्याधुनिक STEM (साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग एवं मैथेमेटिक्स) इनोवेशन लैब का शुभारंभ किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में शुरू हुई इस पहल के साथ ही राजधानी के सरकारी विद्यालयों में 80 और STEM इनोवेशन लैब स्थापित करने का आश्वासन भी दिया गया, जिसे शिक्षा क्षेत्र में बड़े बदलाव की शुरुआत माना जा रहा है।

पीतमपुरा वार्ड-57 के निगम पार्षद डॉ. अमित नागपाल ने कहा कि भाजपा सरकार केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि जमीन पर आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकारी विद्यालयों को तकनीक, नवाचार और डिजिटल संसाधनों से सशक्त बनाया जा रहा है, ताकि गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चों को भी वही अवसर मिलें जो महंगे निजी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को उपलब्ध हैं।

डॉ. नागपाल ने कहा कि STEM लैब विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान, नवाचार और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करेगी। इससे दिल्ली के सरकारी विद्यालयों के बच्चे भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार होंगे और विकसित भारत-2047 के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने इस पहल के लिए प्रसिद्ध क्रिकेटर शिखर धवन, एचएमडी इंडिया के अध्यक्ष रवि कंवर तथा उनकी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के माध्यम से स्थापित यह लैब सरकार और निजी क्षेत्र की सफल साझेदारी का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में ऐसी भागीदारी से सरकारी विद्यालयों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी।

डॉ. नागपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को भविष्य में 80 और STEM इनोवेशन लैब स्थापित करने का आश्वासन मिलना इस बात का संकेत है कि भाजपा सरकार दिल्ली के सरकारी विद्यालयों को आधुनिक शिक्षा का नया मॉडल बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में शिक्षा और आधारभूत विकास के कई कार्य ठहर गए थे, जबकि भाजपा सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में शिक्षा, आधारभूत संरचना और जनकल्याण से जुड़े कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं। पीतमपुरा की STEM इनोवेशन लैब उसी परिवर्तन की प्रतीक है।

डॉ. अमित नागपाल ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, शिक्षा विभाग, शिखर धवन फाउंडेशन, रवि कंवर, एचएमडी इंडिया तथा सभी सहयोगी संस्थाओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि आने वाले समय में ऐसी पहलें दिल्ली के सरकारी विद्यालयों को देश के सर्वश्रेष्ठ शिक्षा संस्थानों की श्रेणी में खड़ा करेंगी।