बारिश में भी नहीं रुकेगी सफाई, सिविल लाइंस ज़ोन को मिले 35 नए टिपर और ई-रिक्शा

घर-घर कचरा संग्रहण होगा तेज़, एमसीडी ने कहा— हर मौसम में निर्बाध सफाई सेवाएं देने का संकल्प

नई दिल्ली, 7 अगस्त। राजधानी में लगातार बारिश के बीच दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। शुक्रवार को सिविल लाइंस ज़ोन में 35 नए टिपर और ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इन वाहनों के शामिल होने से घर-घर कचरा संग्रहण की रफ्तार बढ़ेगी और सफाई व्यवस्था अधिक प्रभावी व सुदृढ़ होगी।

एमसीडी ने स्पष्ट किया कि “मौसम कोई भी हो, स्वच्छता का संकल्प नहीं रुकेगा।” निगम का कहना है कि बारिश हो या धूप, दिल्लीवासियों को बेहतर और निर्बाध सफाई सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। नए वाहनों के संचालन से कचरा संग्रहण की क्षमता बढ़ेगी और नागरिक सेवाओं में सुधार आएगा।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और निगम अधिकारियों की मौजूदगी रही। सिविल लाइंस ज़ोन के चेयरमैन गुलाब सिंह राठौर, डिप्टी चेयरमैन संजय त्यागी, एल्डरमैन राजपाल राणा, डीसी शशि प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। निगम का कहना है कि स्वच्छ दिल्ली के लक्ष्य को हासिल करने के लिए आधुनिक संसाधनों और बेहतर प्रबंधन के साथ सफाई व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है।