समर इंटर्नशिप में विकसित किए नागरिक सेवाओं और पुलिसिंग को तकनीक से मजबूत करने वाले चार समाधान
दिल्ली पुलिस ने 16 युवा इनोवेटर्स को किया सम्मानित
नई दिल्ली, 8 अगस्त। दिल्ली पुलिस ने पुलिस मुख्यालय में आयोजित समारोह में दिल्ली पुलिस समर इंटर्नशिप प्रोग्राम-2026 के तहत तकनीकी समाधान विकसित करने वाले 16 युवा इनोवेटर्स को सम्मानित किया। अनुराग कुमार ने सभी इंटर्न्स को प्रशस्ति प्रमाणपत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए।

दिल्ली पुलिस और देश के प्रमुख शिक्षण संस्थानों के बीच तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस इंटर्नशिप कार्यक्रम की शुरुआत 8 जून 2026 को हुई थी। कार्यक्रम के लिए देशभर के प्रमुख विश्वविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों के विद्यार्थियों से 400 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। कठोर चयन प्रक्रिया के बाद आईआईटी दिल्ली, दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (डीटीयू), गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी (जीजीएसआईपीयू), जामिया हमदर्द, गुरु तेग बहादुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (जीटीबीआईटी) सहित विभिन्न संस्थानों के 16 विद्यार्थियों का चयन किया गया।
एआई आधारित चार तकनीकी समाधान तैयार
दिल्ली पुलिस के टेक एंड प्रोजेक्ट इंप्लीमेंटेशन डिवीजन के अधिकारियों के मार्गदर्शन में इन युवा इनोवेटर्स ने चार कार्यशील तकनीकी समाधान विकसित किए। इन समाधानों का उद्देश्य पुलिस की प्रशासनिक कार्यक्षमता बढ़ाना, आंतरिक प्रक्रियाओं को अधिक सुगम बनाना, नागरिक सेवाओं को मजबूत करना और डिजिटल पुलिसिंग को नई गति देना है।इन परियोजनाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित तकनीकी समाधानों के इस्तेमाल पर विशेष जोर दिया गया। दिल्ली पुलिस के अनुसार, विकसित किए गए सॉफ्टवेयर समाधान भविष्य में पुलिस के आधुनिकीकरण और डिजिटल परिवर्तन की दिशा में उपयोगी साबित होंगे।
आधुनिक पुलिसिंग में युवा तकनीकी प्रतिभाओं की भूमिका अहम
समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने विद्यार्थियों की मेहनत, नवाचार और तकनीकी दक्षता की सराहना की। उन्होंने कहा कि आधुनिक पुलिसिंग की चुनौतियों से निपटने के लिए अकादमिक संस्थानों और पुलिस के बीच सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। युवा तकनीकी प्रतिभाओं की विशेषज्ञता का इस्तेमाल कर वास्तविक पुलिसिंग समस्याओं के व्यावहारिक और तकनीक आधारित समाधान विकसित किए जा सकते हैं।

उन्होंने सभी 16 इंटर्न्स को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए बधाई दी और कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों को वास्तविक पुलिसिंग चुनौतियों को समझने का अवसर देने के साथ-साथ पुलिस व्यवस्था के आधुनिकीकरण में भी योगदान देते हैं।
दिल्ली पुलिस समर इंटर्नशिप प्रोग्राम-2026 की सफलता को पुलिस और अकादमिक जगत के बीच सहयोग मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। कार्यक्रम से जहां विद्यार्थियों को वास्तविक परिस्थितियों में तकनीक के इस्तेमाल का अनुभव मिला, वहीं दिल्ली पुलिस को युवा तकनीकी विशेषज्ञों के माध्यम से नागरिक-केंद्रित डिजिटल समाधान विकसित करने में मदद मिली।
