छात्राओं की साइकिल खरीद में कथित भ्रष्टाचार पर अंकुश नारंग का भाजपा सरकार पर हमला
‘साइकिल चोर कहाँ मिलेंगे? रेखा गुप्ता की सरकार में!’
नई दिल्ली। छात्राओं को बांटी जाने वाली साइकिलों की खरीद को लेकर आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की भाजपा सरकार को घेरा है। एमसीडी नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने आरोप लगाया कि छात्राओं के लिए खरीदी गई साइकिलों की कीमत में भारी अंतर के जरिए सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाया गया।
अंकुश नारंग ने कहा कि जब वही साइकिल करीब ₹4,200 में उपलब्ध थी, तो करीब 1.30 लाख साइकिलों की खरीद के लिए ₹6,957 प्रति साइकिल क्यों चुकाए गए? उन्होंने सवाल उठाया कि करीब ₹3,000 प्रति साइकिल के कथित अंतर का पैसा आखिर किसकी जेब में गया।
‘₹4,200 की साइकिल ₹6,957 में क्यों?’
अंकुश नारंग ने भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्राओं के हित में होने वाली खरीद में यदि कीमतों का इतना बड़ा अंतर है तो सरकार को दिल्ली की जनता के सामने पूरा हिसाब रखना चाहिए। उन्होंने खरीद प्रक्रिया, टेंडर और भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड सार्वजनिक करने की मांग की।
करीब ₹39 करोड़ के अंतर का दावा
आप के अनुसार 1.30 लाख साइकिलों पर लगभग ₹3,000 प्रति साइकिल के कथित अंतर का हिसाब लगाया जाए तो यह रकम करीब ₹39 करोड़ बैठती है। पार्टी ने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी राशि के अंतर की वजह क्या है और इसकी जिम्मेदारी किसकी तय होगी?
अंकुश नारंग ने कहा कि सवाल सिर्फ साइकिल का नहीं, दिल्ली के सरकारी खजाने और जनता के पैसे का है। उन्होंने सरकार से कथित अनियमितता पर जवाब देने और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की।
