प्रतिबंधित चाइनीज मांझे पर दिल्ली पुलिस का शिकंजा, तीन गिरफ्तार

सेंट्रल जिले में तीन अलग-अलग कार्रवाई, 120 रील/स्पूल/रोल प्रतिबंधित मांझा बरामद

नई दिल्ली, 12 अगस्त। प्रतिबंधित चाइनीज, नायलॉन और मेटल-कोटेड मांझे की बिक्री, भंडारण और इस्तेमाल के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने सेंट्रल जिले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की तीन अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर कुल 120 रील/स्पूल/रोल प्रतिबंधित मांझा जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई डीसीपी सेंट्रल जिले के निर्देश पर 11 अगस्त को एएटीएस सेंट्रल जिला, पुलिस चौकी संगतराशन/थाना पहाड़गंज और थाना दरियागंज की टीमों ने गुप्त सूचना, गश्त और निगरानी के आधार पर की।

घर से बरामद हुआ 110 रील चाइनीज मांझा

पहली कार्रवाई में एएटीएस सेंट्रल जिला की टीम को लाल दरवाजा क्षेत्र में गश्त के दौरान थाना हौज काजी इलाके में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री की सूचना मिली। टीम ने सिरकी वालान, हौज काजी स्थित एक आवास पर कार्रवाई कर 27 वर्षीय मोहम्मद अनस को पकड़ा। उसके आवास की तलाशी में 110 रील प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद हुआ। इस मामले में थाना हौज काजी में एफआईआर संख्या 375/2026, धारा 223(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया गया।

पहाड़गंज की दुकान से 8 स्पूल जब्त

दूसरी कार्रवाई में पुलिस को गली डोर वाली, पहाड़गंज स्थित एक दुकान पर प्रतिबंधित चाइनीज/मेटल-कोटेड मांझा बेचे जाने की सूचना मिली। आपात ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल निरंजन और हेड कांस्टेबल विजयपाल ने छापा मारकर दीपक निवासी हरिराम गली, दिल्ली को पकड़ा। दुकान से 8 स्पूल प्रतिबंधित मेटल-कोटेड मांझा बरामद हुआ। थाना पहाड़गंज में एफआईआर संख्या 372/2026, धारा 223(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

दरियागंज में गश्त के दौरान 2 रोल बरामद

तीसरी कार्रवाई में थाना दरियागंज क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस टीम को प्रतिबंधित मांझे के संबंध में सूचना मिली। टीम ने कार्रवाई करते हुए अमीर आजम निवासी दरियागंज को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से प्लास्टिक/चाइनीज मांझे के दो रोल बरामद किए गए। इस मामले में थाना दरियागंज में एफआईआर संख्या 309/2026, धारा 223(बी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया गया।

सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में तीनों आरोपितों से प्रतिबंधित मांझे की खरीद, भंडारण और बिक्री के स्रोत के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित मांझा कहां से खरीदा गया और इसके पीछे सप्लाई चेन में कौन-कौन लोग शामिल हैं। नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है।

डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह, आईपीएस ने बताया कि प्रतिबंधित मांझे की बिक्री, भंडारण और इस्तेमाल के खिलाफ पुलिस की निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी है।