4,400 एमटीएस (डीबीसी) कर्मचारियों को समान वेतन की सौगात, वेतन में होगी करीब 10 हजार रुपये की बढ़ोतरी
महापौर प्रवेश वाही ने स्वतंत्रता दिवस पर की बड़ी घोषणा, निर्णय पर लगी अंतिम मुहर
नीरज अवस्थी
नई दिल्ली, 14 अगस्त। दिल्ली नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत करीब 4,400 एमटीएस (डीबीसी) कर्मचारियों को अब समान वेतन का लाभ मिलेगा। महापौर प्रवेश वाही ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर कर्मचारियों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि इस फैसले से पात्र कर्मचारियों के वेतन में लगभग 10 हजार रुपये प्रतिमाह तक की वृद्धि होगी। निर्णय से कर्मचारियों के साथ उनके परिवार भी लाभान्वित होंगे।
महापौर ने कहा कि एमटीएस (डीबीसी) कर्मचारियों को लंबे समय से समान वेतन का लाभ दिलाने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस दिशा में प्रशासनिक, वित्तीय और विधिक औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद अब इस महत्वपूर्ण निर्णय पर अंतिम रूप से हस्ताक्षर कर दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि स्थायी समिति की अध्यक्षा सत्या शर्मा और निगम आयुक्त संजीव खिरवार के साथ समन्वय कर मामले से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की गईं। महापौर ने कहा कि निगम प्रशासन का उद्देश्य कर्मचारियों के कार्य और जिम्मेदारियों के अनुरूप उन्हें उचित तथा समान वेतन उपलब्ध कराना है।
बजट घोषणा को दिया गया अमलीजामा
प्रवेश वाही ने कहा कि नेता सदन के रूप में उन्होंने अपने बजट भाषण में ही एमटीएस (डीबीसी) कर्मचारियों के समान वेतन का मुद्दा उठाते हुए इसकी घोषणा की थी। उस घोषणा को केवल आश्वासन तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि वित्तीय, विधिक और प्रशासनिक बाधाओं को दूर कर अब इसे वास्तविकता में बदल दिया गया है।
उन्होंने कहा, “यह केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि निगम कर्मचारियों के सम्मान और उनके अधिकारों से जुड़ा विषय है। अनेक बाधाओं और आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद आज इस निर्णय पर अंतिम मुहर लग गई है।”
महापौर के अनुसार बढ़े हुए वेतन का भुगतान नियमानुसार आगामी माह में किया जाएगा। समान वेतन का लाभ पाने वाले कर्मचारियों को एमटीएस पद से संबंधित कार्यों और जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा।
कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा
महापौर ने कहा कि एमटीएस (डीबीसी) कर्मचारियों की सेवाओं और परिश्रम को देखते हुए समान वेतन का निर्णय उनके मनोबल को बढ़ाने वाला कदम है। उन्होंने इसे कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए स्वतंत्रता दिवस का विशेष तोहफा बताया।
उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम की भाजपा सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में निगम के विकास तथा कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखकर लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है।
प्रवेश वाही ने कहा कि स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित दिल्ली के निर्माण में निगम कर्मचारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण, सम्मान, उचित वेतन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम प्रशासन की जिम्मेदारी है।महापौर ने इस निर्णय के लिए निगम अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों का आभार जताते हुए उम्मीद जताई कि एमटीएस (डीबीसी) कर्मचारी भविष्य में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ दिल्ली की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में योगदान देते रहेंगे। इस फैसले से करीब 4,400 कर्मचारी और उनके परिवार सीधे लाभान्वित होंगे।
