प्रतिभा विद्यालय में बच्चों संग नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज कर भाजपा सरकार ने दबाने की कोशिश की युवाओं की आवाज : अंकुश नारंग
नई दिल्ली, 14 अगस्त 2026। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने शुक्रवार को अपने वार्ड स्थित निगम प्रतिभा विद्यालय में आयोजित 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में बच्चों के साथ शामिल होकर स्वतंत्रता दिवस मनाया। इस दौरान विद्यालय के बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों के उत्साह, उमंग और तिरंगे के प्रति उनके सम्मान ने समारोह को विशेष बना दिया।

अंकुश नारंग ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें एक मजबूत, शिक्षित और समृद्ध भारत के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश ने आजादी के 79 वर्ष पूरे कर 80वें वर्ष में प्रवेश किया है, लेकिन यह सवाल आज भी महत्वपूर्ण है कि क्या देश के नागरिकों को वास्तव में पूर्ण स्वतंत्रता मिली है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह चिंता का विषय है। भाजपा सरकार ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठियां बरसाकर उनकी आवाज दबाने की कोशिश की। सरकार ने हरसंभव प्रयास किया कि युवा शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज न करा सकें।

अंकुश नारंग ने कहा कि हमें यह विचार करना होगा कि क्या शहीद-ए-आजम भगत सिंह ने इसलिए अपना बलिदान दिया था और क्या महात्मा गांधी ने देश की स्वतंत्रता के लिए इसलिए संघर्ष किया था कि आजादी के 80 वर्ष पूरे होने के बावजूद देश का युवा शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात तक न रख सके।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल ध्वजारोहण और समारोह का अवसर नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र, समानता और नागरिक अधिकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का दिन भी है। हमें ऐसा भारत बनाने के लिए मिलकर काम करना होगा, जहां हर बच्चे को बेहतर शिक्षा, हर युवा को अवसर और हर नागरिक को अपनी बात रखने की स्वतंत्रता मिले।
