भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में अनुभव और युवा ऊर्जा का संतुलन

वसुंधरा राजे, राम माधव और तीरथ सिंह रावत उपाध्यक्ष, स्मृति ईरानी को महामंत्री की जिम्मेदारी

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठन की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। आगामी विधानसभा चुनावों के साथ 2029 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए गठित नई टीम में पार्टी ने अनुभव, युवा ऊर्जा और क्षेत्रीय संतुलन साधने का प्रयास किया है। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा में वापसी करने वाले राम माधव, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और ओडिशा के बैजयंत जय पांडा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई टीम की घोषणा के बाद एक्स पर सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि अनुभव और ऊर्जा से समृद्ध यह टीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संगठन को नई गति प्रदान करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारी कार्यकर्ता भाव से संगठन को मजबूत करते हुए ‘विकसित भारत’ के संकल्प और राष्ट्रसेवा के ध्येय को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

13 उपाध्यक्षों में पांच महिलाएं

नई राष्ट्रीय टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं, जिनमें पांच महिलाएं शामिल हैं। वसुंधरा राजे को फिर से राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। वहीं राम माधव की भाजपा संगठन में वापसी को भी अहम माना जा रहा है। तीरथ सिंह रावत और बैजयंत जय पांडा को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। आठ राष्ट्रीय महासचिवों में स्मृति ईरानी अकेली महिला हैं।

पुराने चेहरों पर भी भरोसा

भाजपा ने संगठन में निरंतरता बनाए रखते हुए कई वरिष्ठ पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों पर बरकरार रखा है। विनोद तावड़े और सुनील बंसल राष्ट्रीय महासचिव बने रहेंगे, जबकि बीएल संतोष राष्ट्रीय महासचिव संगठन के पद पर पार्टी संगठन की कमान संभालते रहेंगे। शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव संगठन बनाया गया है।अनिल एंटनी को राष्ट्रीय सचिव के पद पर बरकरार रखा गया है। कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता रोहन गुप्ता को भी भाजपा का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। अनिल बलूनी राष्ट्रीय स्तर पर मीडिया से जुड़ी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।

पीयूष गोयल को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को भाजपा का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है, जबकि राजेश मंगल को राष्ट्रीय संयुक्त कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। पार्टी के आउटरीच और संगठनात्मक विंग में भी बदलाव किए गए हैं। संबित पात्रा को नॉर्थ-ईस्ट कोऑर्डिनेटर और तरुण चुघ को केंद्रीय कार्यालय प्रभारी नियुक्त किया गया है। दीपक म्हास्के को सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है।

40 साल से कम उम्र के छह नेताओं को जगह

भाजपा ने नई टीम में उम्र के स्तर पर भी संतुलन का दावा किया है। राष्ट्रीय टीम में 40 वर्ष से कम उम्र के छह नेताओं को जगह मिली है। 40 से 49 वर्ष की आयु वाले 15 और 50 से 59 वर्ष की आयु वाले 21 नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन स्वयं 46 वर्ष के हैं।

नई टीम में राष्ट्रीय सचिव स्वदेश सिंह 43 वर्ष, संदीप पाठक 46 वर्ष, रोहन गुप्ता 46 वर्ष, संगीता 45 वर्ष, केंद्रीय कार्यालय प्रभारी ऋतुराज सिन्हा 45 वर्ष और अनिल एंटनी 40 वर्ष के हैं। युवा मोर्चा अध्यक्ष हेमंग जोशी 35 वर्ष के हैं।

कई पुराने पदाधिकारी संगठन से बाहर

नई टीम में कई पुराने चेहरों को दोबारा जगह नहीं मिली है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद से सरोज पांडेय, डीके अरुणा, एम. चुबा आओ, एपी अब्दुल्लाकुट्टी, लक्ष्मीकांत वाजपेयी और लता उसेंडी बाहर हो गए हैं।राष्ट्रीय महासचिवों में अरुण सिंह, दुष्यंत गौतम, तरुण चुघ और राधामोहन दास अग्रवाल को नई टीम में स्थान नहीं मिला। राष्ट्रीय सचिवों में अरविंद मेनन, पंकजा मुंडे, अलका गुर्जर, ओम प्रकाश धुर्वे, नरेंद्र सिंह, रितुराज सिन्हा, कामाख्या प्रसाद ताशा, सुरेंद्र नागर, ओम प्रकाश धनखड़ और मनजिंदर सिंह सिरसा को भी दोबारा जिम्मेदारी नहीं दी गई है।

इसके अलावा कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, संयुक्त कोषाध्यक्ष नरेश बंसल, आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय और मीडिया सेल के सह-संयोजक संजय मयूख भी नई टीम में पूर्व पदों पर नहीं हैं।

चुनावी रणनीति पर नजर

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में किए गए बदलावों को आगामी विधानसभा चुनावों और 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। वरिष्ठ नेताओं के अनुभव के साथ अपेक्षाकृत युवा चेहरों को संगठन में आगे बढ़ाकर पार्टी ने चुनावी और संगठनात्मक दोनों मोर्चों पर नई ऊर्जा देने का संकेत दिया है। क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व, महिला भागीदारी और संगठन के मीडिया, सोशल मीडिया तथा आउटरीच तंत्र को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिखाई दे रहा है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी हैं। अब नई टीम के सामने राज्यों में संगठन को सक्रिय करने, चुनावी राज्यों में रणनीति को जमीन पर उतारने और 2029 के लोकसभा चुनाव की दीर्घकालिक तैयारी को आगे बढ़ाने की चुनौती होगी।