नई दिल्ली। पैलेट गन मामले में दिल्ली पुलिस द्वारा पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में BNS की धारा 118(1)/125 के तहत प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बीच कांग्रेस ने पुलिस पर प्रदर्शनकारी छात्राओं के साथ जबरन कार्रवाई का आरोप लगाया है।
दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पा सिंह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के मौके से रवाना होते ही पुलिस ने NSUI की दो छात्राओं को जबरन खींचकर हिरासत में ले लिया और उन्हें पुलिस बस में बैठाकर मंदिर मार्ग पुलिस थाने की ओर ले जाया गया।
पुष्पा सिंह ने कहा, “मैं और नाज़िया दानिश वहां मौजूद थे। NSUI की दो बेटियों को पुलिस ने हिरासत में लिया। राहुल गांधी जी के जाते ही जबरन दोनों बच्चियों को खींचकर ले जाया गया। हम उनकी सहायता के लिए आगे बढ़े तो हमें भी डिटेन कर लिया गया।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं से तत्काल मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचने की अपील की। पुष्पा सिंह ने कहा, “हमें भी डिटेन करके बस में लेकर जा रहे हैं। जो-जो साथी पहुंच सकते हैं, तुरंत मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचे।”
पैलेट गन मामले में दर्ज हुई FIR
इस बीच दिल्ली पुलिस ने पैलेट गन मामले में पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में BNS 118(1)/125 के तहत FIR दर्ज कर ली है। FIR दर्ज होने के बाद अब पुलिस मामले से जुड़े घटनाक्रम और पैलेट गन के इस्तेमाल की परिस्थितियों की जांच करेगी।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि छात्राओं के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई अनुचित थी। वहीं, FIR दर्ज होने के बाद पैलेट गन मामले ने दिल्ली की सियासत को और गरमा दिया है।
