मच्छर जनित बीमारियों के खिलाफ MCD का बड़ा अभियान, ‘मॉस्किटो टर्मिनेटर ट्रेन-2026’ रवाना

75 किलोमीटर रेलवे ट्रैक और आसपास के क्षेत्रों में होगा एंटी-लार्वल दवाओं का छिड़काव, सितंबर तक चलेगा अभियान

नई दिल्ली। राजधानी में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों पर रोकथाम के लिए दिल्ली नगर निगम ने बड़ा अभियान शुरू किया है। शुक्रवार को महापौर प्रवेश वाही ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से ‘मॉस्किटो टर्मिनेटर ट्रेन-2026’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दिल्ली नगर निगम और उत्तर रेलवे के संयुक्त अभियान के तहत पहले चरण में करीब 75 किलोमीटर रेलवे ट्रैक और उससे सटे इलाकों में एंटी-लार्वल दवाओं का छिड़काव किया जाएगा।

इस दौरान जन स्वास्थ्य अधिकारी अशोक रावत समेत निगम और उत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अभियान के तहत रेलवे पटरियों के दोनों ओर स्थित निचले इलाकों, जलभराव वाले स्थानों और संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों को चिन्हित कर वहां विशेष रूप से दवा का छिड़काव किया जाएगा।

पावर स्प्रे टैंकरों से होगा छिड़काव

महापौर प्रवेश वाही ने बताया कि अभियान के पहले चरण से पहले रेलवे ट्रैक और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों की पहचान की गई। अब चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर ट्रेन के साथ चलने वाले पावर स्प्रे टैंकरों के जरिए एंटी-लार्वल दवाओं का छिड़काव किया जाएगा। इससे उन स्थानों तक भी दवा पहुंचाई जा सकेगी, जहां सामान्य मैन्युअल तरीके से पहुंचना मुश्किल होता है।उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान रेलवे ट्रैक के आसपास और निचले इलाकों में पानी जमा होने से मच्छरों के प्रजनन की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में मच्छरों के प्रजनन चक्र को शुरुआती स्तर पर ही रोकना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

कई प्रमुख रेलवे रूट होंगे कवर

मॉस्किटो टर्मिनेटर ट्रेन अभियान को एक निर्धारित रूट तक सीमित नहीं रखा गया है। चरणबद्ध तरीके से नई दिल्ली से राठधाना, आदर्श नगर-बादली, दिल्ली जंक्शन, दिल्ली शाहदरा, हजरत निजामुद्दीन, लाजपत नगर, सराय रोहिल्ला, पटेल नगर, सफदरजंग, किशनगंज, सदर बाजार, दिल्ली कैंट, पालम-गुड़गांव, फरीदाबाद तथा ओखला-तुगलकाबाद सहित विभिन्न रेलवे रूटों पर एंटी-लार्वल गतिविधियां की जाएंगी।

सितंबर तक चलेगा अभियान

निगम के अनुसार अभियान सितंबर 2026 तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा। संबंधित जोनल टीमें और स्वास्थ्य अधिकारी इसकी निगरानी करेंगे। प्रत्येक ट्रिप के लिए पावर स्प्रे टैंकर, चालक, पानी और आवश्यक इंसैक्टिसाइड/लार्विसाइड की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। संबंधित जोनल उपस्वास्थ्य अधिकारी और एपिडेमियोलॉजिस्ट उत्तर रेलवे के साथ समन्वय कर अभियान के सुचारू संचालन की निगरानी करेंगे।

महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन की भावना को आगे बढ़ाते हुए निगम स्वच्छता को जनस्वास्थ्य से जोड़कर मच्छर जनित बीमारियों के खिलाफ लक्षित अभियान चला रहा है। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि घरों, कार्यालयों और आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर व पानी की टंकियों की नियमित सफाई करें और मच्छरों के संभावित प्रजनन स्थलों को खत्म करने में निगम का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के बिना मच्छर जनित बीमारियों के खिलाफ लड़ाई को पूरी तरह सफल नहीं बनाया जा सकता।