गुरु रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं कार्यकर्ता : डॉ. यूके चौधरी
तालकटोरा स्टेडियम में 24 अगस्त को होगा भव्य आयोजन
नई दिल्ली। गुरु रविदास जी महाराज के 650वें जन्मदिवस के अवसर पर 24 अगस्त को तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उत्तर-पूर्वी जिला भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर-पूर्वी जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. यूके चौधरी ने की।

बैठक में दिल्ली भाजपा के उपाध्यक्ष रणजीत कश्यप, उपाध्यक्ष सारिका जैन तथा एनडीएमसी सदस्य दिनेश प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
सारिका जैन ने कहा कि गुरु रविदास जी महाराज का जीवन समाज को समानता, सद्भाव और मानवता का संदेश देता है। उनके विचारों और जीवन से प्रेरणा लेकर समाज को आगे बढ़ाने की जरूरत है। रणजीत कश्यप ने गुरु रविदास जी के जीवन से जुड़ी विभिन्न घटनाओं का उल्लेख करते हुए उनके विचारों और सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला।

दिनेश प्रताप सिंह ने आगामी कार्यक्रम में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं से जुटने और आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया। जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. यूके चौधरी ने गुरु रविदास जी के आध्यात्मिक पक्ष पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सच्चे मन से किए गए कार्य कभी निष्फल नहीं होते। गुरु रविदास जी का संदेश “मन चंगा तो कठौती में गंगा” आज भी समाज को सकारात्मक दिशा देता है।

डॉ. चौधरी ने कार्यकर्ताओं से गुरु रविदास जी महाराज के विचारों और संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनके आदर्श सामाजिक समरसता, मानवता और समानता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
बैठक में जोन चेयरमैन गुलाब सिंह राठौड़, जोन डिप्टी चेयरमैन बृजेश सिंह, जिला उपाध्यक्ष दिनेश धामा, संजीव चौधरी, आनंद त्रिवेदी, रंजन त्यागी, महामंत्री हितेंद्र त्यागी, मदन रूखड़, वंदना सचदेवा, नीलम संजय, जितेंद्र भदौरिया, भुवनेश सिंघल, जगत नारायण गुप्ता, मीडिया प्रभारी जितेंद्र प्रसाद, संजीव चौरसिया सहित भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
