अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री, आरएसएस सरकार्यवाह और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष समेत दिग्गजों ने अर्पित किए श्रद्धासुमन
नई दिल्ली, 24 अगस्त। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पद्म विभूषण अरुण जेटली की पुण्यतिथि पर सोमवार को दिल्ली में उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सुबह दिल्ली भाजपा कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद सिरी फोर्ट स्थित अरुण जेटली पार्क में उनके परिवार की ओर से विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले, दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, भाजपा के सह-संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह सहित अनेक गणमान्य लोगों ने अरुण जेटली की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

परिवार की ओर से उनकी पत्नी संगीता जेटली, पुत्र एवं वरिष्ठ अधिवक्ता रोहन जेटली तथा पुत्री सोनाली जेटली बख्शी ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।इस अवसर पर प्रदेश भाजपा कार्यालय में हर्ष मल्होत्रा और विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने अरुण जेटली के चित्र पर माल्यार्पण किया। भाजपा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

‘अरुण जेटली सिर्फ वित्त मंत्री नहीं, सबके मित्र थे’
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि अरुण जेटली केवल पूर्व वित्त मंत्री नहीं थे, बल्कि ओजस्वी वक्ता, कुशल संगठनकर्ता और सबसे बढ़कर सबके मित्र थे। राजनीति में उनके विरोधी भी उनकी बात को सम्मान से सुनते थे, क्योंकि उनके शब्दों में तर्क, तथ्य और स्नेह होता था।
उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने में जेटली की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जीएसटी, दिवालिया कानून और बैंकिंग सुधार जैसे ऐतिहासिक फैसलों में उनका दूरदर्शी नेतृत्व दिखाई देता है। कठिन परिस्थितियों में वह सरकार की मजबूत ढाल बनकर खड़े रहते थे और तथ्यों के साथ पार्टी का पक्ष मजबूती से रखते थे।
मल्होत्रा ने कहा कि क्रिकेट के साथ उन्हें बैडमिंटन सहित अन्य खेलों में भी विशेष रुचि थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनका संबंध विश्वास और समर्पण का था। उन्होंने कहा कि स्वयं भी उन्हें कई बार अरुण जेटली के स्नेह और आशीर्वाद का अवसर मिला। ऐसे महान मार्गदर्शक को शत-शत नमन।

‘दिल्ली के विकास के लिए हमेशा उठाई आवाज’
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि अरुण जेटली राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रसेवा के पर्याय थे। वित्त मंत्री के रूप में उन्होंने जीएसटी और बैंकिंग सुधार जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों के माध्यम से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दी।
उन्होंने कहा कि सांसद के रूप में जेटली की ओजस्वी वाणी, तर्क और तथ्यों के साथ अपनी बात रखने की क्षमता उन्हें विशिष्ट बनाती थी। हर दल में उनके मित्र थे और राजनीतिक विरोधी भी उनका सम्मान करते थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली से अरुण जेटली का विशेष लगाव था। छात्र नेता से लेकर कुशल अधिवक्ता, खेल प्रेमी और वरिष्ठ राजनेता तक उन्होंने दिल्ली की जनता की सेवा की और राजधानी के विकास से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाया।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार राष्ट्र प्रथम, सुशासन और पारदर्शिता के उनके विचारों को आगे बढ़ाते हुए उनके सपनों को साकार करने के लिए संकल्पित है।
कई दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में सांसद धर्मेंद्र प्रधान, अनुराग ठाकुर, रामवीर सिंह बिधूड़ी, कमलजीत सहरावत, बांसुरी स्वराज, दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद, एनडीएमसी उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल, विधायक सतीश उपाध्याय, हरीश खुराना और ओमप्रकाश शर्मा सहित भाजपा के अनेक नेता एवं पदाधिकारी शामिल रहे।
पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी, नूपुर शर्मा तथा जेटली के निकटस्थ सहयोगियों हंस भल्ला, स्वप्न दास गुप्ता, सिद्धार्थ नाथ सिंह, मनजीत सिंह जी.के., देवयानी राणा और निधि डोगरा समेत अनेक लोगों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
