डीडीए सलाहकार परिषद के चार सदस्य आज निर्विरोध चुने जाएंगे

भाजपा के दो और आप के दो पार्षदों ने दाखिल किया नामांकन, चार ही नाम आने से चुनाव की औपचारिकता

नई दिल्ली, 24 अगस्त। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के सोमवार को होने वाले आम सदन की बैठक में विकास एवं नागरिक समस्याओं पर चर्चा के साथ दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) की सलाहकार परिषद के लिए निगम से चार पार्षदों का चुनाव होगा। चार सदस्य पदों के लिए चार ही पार्षदों ने नामांकन दाखिल किया है, इसलिए चारों का निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है।

डीडीए सलाहकार परिषद के सदस्य बनने के लिए भाजपा और आम आदमी पार्टी के दो-दो पार्षदों ने पिछले सप्ताह सिविक सेंटर स्थित निगम सचिव कार्यालय में नामांकन दाखिल किया था। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब आम सदन की बैठक में इनके निर्वाचन की औपचारिकता पूरी की जाएगी।

भाजपा की ओर से नीमा भगत (वार्ड-210, गीता कॉलोनी) और ज्योति अग्रवाल (वार्ड-60, रानी बाग) ने नामांकन किया है। वहीं आम आदमी पार्टी की ओर से शिवानी पांचाल (वार्ड-223, रोहताश नगर) और चित्रा विद्यार्थी (वार्ड-66, वजीरपुर) मैदान में हैं।

महापौर प्रवेश वाही ने डीडीए सलाहकार परिषद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले सभी पार्षदों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि डीडीए दिल्ली के मास्टर प्लान-2047 को लेकर काम कर रहा है और परिषद में निगम के प्रतिनिधियों की भूमिका दिल्ली के नियोजित एवं समग्र विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण होगी।

आम सदन में इन चारों पार्षदों के निर्विरोध निर्वाचन के साथ दिल्ली के भविष्य के विकास, मास्टर प्लान-2047, नागरिक सुविधाओं और निगम से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों पर भी चर्चा होने की संभावना है।