डेंगू-मलेरिया पर सदन में हंगामा, MHO अशोक रावत की गैरमौजूदगी पर मुकेश गोयल ने मेयर से पूछा सवाल
“मेयर साहब, जब सदन में जनस्वास्थ्य का सबसे बड़ा मुद्दा चल रहा है तो MHO अशोक रावत कहां हैं?”—मुकेश गोयल
नई दिल्ली।दिल्ली नगर निगम सदन की बैठक में सोमवार को डेंगू-मलेरिया और मच्छरजनित बीमारियों को लेकर जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे। चर्चा के दौरान आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मुकेश गोयल ने जनस्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक रावत की कथित गैरमौजूदगी को लेकर महापौर प्रवेश वाही को घेरा।
मुकेश गोयल ने सवाल उठाते हुए कहा कि “मेयर साहब, जब आज सदन में डेंगू-मलेरिया का गंभीर मुद्दा चल रहा है तो MHO अशोक रावत कहां हैं? आखिर जनस्वास्थ्य विभाग के सबसे अहम अधिकारी को सदन में होना चाहिए या नहीं?”
उन्होंने अधिकारियों की जवाबदेही पर भी सवाल खड़े किए। गोयल का कहना था कि दिल्ली में बारिश के बाद मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ा हुआ है और ऐसे समय में निगम के जनस्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी और जवाबदेही बेहद जरूरी है।
गौरतलब है कि MCD हाल ही में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए ‘मॉस्किटो टर्मिनेटर ट्रेन-2026’ अभियान शुरू कर चुका है। इस अभियान के शुभारंभ के दौरान डॉ. अशोक रावत की मौजूदगी की भी रिपोर्ट सामने आई थी।
अब सवाल यह है कि जब सदन में इन्हीं बीमारियों की रोकथाम, दवा छिड़काव और निगम की तैयारियों पर चर्चा हो रही थी, तब संबंधित विभाग के प्रमुख अधिकारी की सदन में मौजूदगी क्यों नहीं थी?
