गीता कॉलोनी में झुकी खतरनाक बिल्डिंग पर MCD का बड़ा एक्शन
पुलिस की मदद से पहले कराया खाली, अब शुरू हुआ ध्वस्तीकरण—हादसे से पहले निगम ने लिया सुरक्षा का फैसला
नई दिल्ली। कृष्णा नगर वार्ड के 2-ए ब्लॉक, गीता कॉलोनी में झुकी हुई खतरनाक इमारत के खिलाफ दिल्ली नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। हादसे की आशंका को देखते हुए निगम की टीम ने कुछ दिन पहले भवन का सर्वे किया था। इसके बाद पुलिस की सहायता से इमारत को खाली कराया गया और मकान मालिक को भवन तोड़ने का नोटिस जारी किया गया।
अब निगम की निगरानी में इस खतरनाक इमारत को तोड़ने का काम शुरू कर दिया गया है। कार्रवाई का उद्देश्य आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी संभावित हादसे को समय रहते रोकना है।
कृष्णा नगर के निगम पार्षद संदीप कपूर ने कहा कि क्षेत्र में खतरनाक और जर्जर इमारतों को लेकर निगम स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है। जहां भी भवन लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा पाया जाएगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि खतरनाक इमारतों को नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते खाली कराना और आवश्यक कार्रवाई करना ही लोगों की जान-माल की सुरक्षा का सबसे बेहतर तरीका है।
पहले सुरक्षा, फिर ध्वस्तीकरण
निगम की कार्रवाई में पहले इमारत का निरीक्षण और सर्वे किया गया, इसके बाद उसमें रह रहे लोगों को पुलिस की मदद से बाहर कराया गया। मकान मालिक को नोटिस देने के बाद अब भवन को गिराने की कार्रवाई की जा रही है। इससे आसपास के मकानों और लोगों को संभावित खतरे से बचाने की कोशिश की जा रही है।
