भ्रष्ट अधिकारियों पर गिरी गाज, दिखाया गया बाहर का रास्ता.. जानिए कौन है वह तीन महारथी…
दक्षिण-पश्चिम जोन में कार्रवाई में लापरवाही बरतने पर गिरी गाज, दो जेई भी निलंबित
नई दिल्ली, 10 सितंबर। दिल्ली नगर निगम ने अनधिकृत निर्माण के खिलाफ कार्रवाई में लापरवाही और उदासीनता बरतने वाले भवन विभाग के तीन अभियंताओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इनमें एक सहायक अभियंता (एई) और दो कनिष्ठ अभियंता (जेई) शामिल हैं।
निगम के आदेश के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम जोन (पूर्ववर्ती नजफगढ़ जोन) के भवन विभाग में तैनात एई रविंदर कुमार को निलंबित किया गया है। इसके अलावा इसी क्षेत्र के जेई सुमन सौरभ और दक्षिण-पश्चिम जोन के भवन विभाग में तैनात जेई मोहित यादव पर भी निलंबन की कार्रवाई की गई है।
एमसीडी के अनुसार, इन अधिकारियों पर अपने आधिकारिक दायित्वों के निर्वहन में कर्तव्य के प्रति लापरवाही और उदासीनता बरतने के कारण कार्रवाई की गई है। सक्षम प्राधिकारी के आदेश और लागू सेवा नियमों के तहत तीनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया।
अवैध निर्माण पर सख्त संदेश
सत्य निकेतन हादसे के बाद दिल्ली में अनधिकृत और खतरनाक इमारतों के खिलाफ एमसीडी की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। निगम ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि भवन नियमों के उल्लंघन की अनदेखी करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
एमसीडी ने क्षेत्रीय अधिकारियों को सतर्क रहने और अनधिकृत निर्माण के मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निगम ने कहा है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।एमसीडी का रुख साफ है—अवैध निर्माण पर कार्रवाई में ढिलाई नहीं, जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई।
