दिल्ली भाजपा में संगठन की नई पारी, आठ मोर्चों की कमान तय

हर्ष मल्होत्रा की मंजूरी के बाद प्रभारी-सहप्रभारियों की नियुक्ति

नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा ने संगठन को और धार देने के लिए आठ प्रमुख मोर्चों में प्रभारी और सह-प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा की अनुमति तथा शीर्ष नेतृत्व से विचार-विमर्श के बाद जारी सूची के साथ पार्टी ने विभिन्न सामाजिक और वर्गीय मोर्चों को नई जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

भाजपा ने युवा मोर्चा की जिम्मेदारी रोहित चहल को प्रभारी और अरुण दराल को सह-प्रभारी के रूप में दी है। महिला मोर्चा में आरती मेहरा प्रभारी और सारिका जैन सह-प्रभारी होंगी।अनुसूचित जाति मोर्चा की कमान कौशल मिश्रा को प्रभारी तथा सोना कुमारी को सह-प्रभारी के रूप में सौंपी गई है। वहीं ओबीसी मोर्चा में विनय रावत प्रभारी और आजाद सिंह सह-प्रभारी बनाए गए हैं।

अल्पसंख्यक मोर्चा में मोहम्मद हारून को प्रभारी और गुरमीत सिंह सूरा को सह-प्रभारी बनाया गया है। किसान मोर्चा की जिम्मेदारी राजकुमार बल्लन और महेश तोमर संभालेंगे।

ईसी तरह पूर्वांचल मोर्चा में बिपिन बिहारी सिंह को प्रभारी और बृजेश राय को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। अनुसूचित जनजाति मोर्चा में रंजीत कश्यप प्रभारी तथा सुंदर चौधरी (मयूर विहार) सह-प्रभारी होंगे।

सामाजिक समीकरण के साथ जमीनी संगठन पर जोर

इन नियुक्तियों को दिल्ली भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और जमीनी सक्रियता से जोड़कर देखा जा रहा है। युवा, महिला, किसान, ओबीसी, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक और पूर्वांचल जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक समूहों के बीच पार्टी की गतिविधियों को गति देने की जिम्मेदारी नई टीम के कंधों पर होगी।

नई टीम के सामने अब मोर्चों को केवल संगठनात्मक पद तक सीमित न रखकर मंडल, वार्ड और बूथ स्तर तक सक्रिय करने की चुनौती होगी। दिल्ली भाजपा नेतृत्व की इस कवायद को आने वाले राजनीतिक मुकाबलों से पहले संगठन को और मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।