मोदी जन्मदिन पर सेवा अभियान को धार देगी उत्तर-पूर्वी जिला भाजपा

17 सितंबर को रक्तदान शिविर से शुरुआत, 15 हजार ‘आशीर्वाद के दीये’ बांटने का लक्ष्य; 7 अक्टूबर तक चलेगा सेवा पखवाड़ा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को उत्तर-पूर्वी जिला भाजपा व्यापक सेवा अभियान के रूप में मनाएगी। जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. यू.के. चौधरी ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना के साथ 17 सितंबर की शाम मंदिरों और घरों में ‘आशीर्वाद का दिया’ जलाकर प्रार्थना की जाएगी। जिले में करीब 15 हजार दीये वितरित किए जाएंगे।

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की सुबह जिला भाजपा कार्यालय में रक्तदान शिविर से होगी। इसके साथ ही क्षेत्र में स्वच्छता अभियान, जनजागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

घर-घर पहुंचेगा ‘सेवा सेतु’ अभियान

डॉ. चौधरी ने बताया कि महिला भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर महिलाओं से संपर्क करेंगी और उन्हें ‘आशीर्वाद का दिया’ भेंट करेंगी। ‘सेवा सेतु’ अभियान के तहत केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

यमुना सफाई से लेकर नुक्कड़ नाटक तक

स्थानीय लोगों के सहयोग से यमुना सफाई अभियान चलाया जाएगा। जिले में 20 से अधिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटक आयोजित कर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी। दसवीं से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों के बीच भाषण प्रतियोगिता तथा विद्यार्थियों के लिए ‘सेवा चित्र’ प्रतियोगिता भी आयोजित होगी।

‘सेवा ज्योति यात्रा’ में दिखेगा मोदी का 25 साल का राजनीतिक सफर

जिला भाजपा की ओर से वडनगर से वाराणसी तक ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की करीब 25 वर्षों की राजनीतिक यात्रा और उनके सार्वजनिक जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण पड़ावों को प्रदर्शित किया जाएगा।

वहीं ‘कहानी बदलाव की’ अभियान के तहत क्षेत्र में हुए विकास कार्यों, अटल कैंटीन, स्कूलों समेत अन्य योजनाओं पर करीब 10 वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाएंगे।

संवाददाता सम्मेलन में रेखा सिन्हा और भुवनेश सिंघल,आनंद त्रिवेदी ने भी अभियान की जानकारी साझा की।