रोहिणी के वार्ड-51 और 53 में सफाई व्यवस्था की जमीनी पड़ताल, कॉम्पैक्टर निर्माण में तेजी के सख्त निर्देश
मेयर प्रवेश वाही ने छेड़ी दिल्ली की सफाई की निर्णायक जंग
नई दिल्ली। राजधानी की सफाई व्यवस्था को लेकर मेयर प्रवेश वाही ने अब सीधा एक्शन मोड अपना लिया है। दिल्ली को स्वच्छ और कचरा मुक्त बनाने के अभियान की लगातार निगरानी के बीच रोहिणी जोन के वार्ड-51 और वार्ड-53 में उपायुक्त एवं निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जमीनी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेते हुए कॉम्पैक्टर निर्माण की रफ्तार बढ़ाने और सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने के सख्त निर्देश जारी किए गए।
मेयर प्रवेश वाही का संदेश साफ है—दिल्ली की सफाई व्यवस्था में अब ढिलाई की कोई गुंजाइश नहीं। वार्ड स्तर पर कूड़ा प्रबंधन को मजबूत करने, समयबद्ध तरीके से कचरे का निस्तारण सुनिश्चित करने और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए निगम अधिकारियों को लगातार फील्ड में उतरकर काम करने पर जोर दिया जा रहा है।
कॉम्पैक्टर बढ़ेंगे, कूड़े के ढेर घटेंगे
रोहिणी में निरीक्षण के दौरान विशेष रूप से कॉम्पैक्टर निर्माण की प्रगति पर फोकस किया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि कचरे के व्यवस्थित संग्रहण और परिवहन की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा सके। इसका सीधा उद्देश्य दिल्ली की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़े के जमाव को कम करना और स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक एवं व्यवस्थित बनाना है।
वार्ड-वार्ड निगरानी, अधिकारियों की जवाबदेही तय
मेयर के नेतृत्व में निगम का जोर अब केवल सफाई अभियान चलाने पर नहीं, बल्कि हर वार्ड में व्यवस्था की लगातार निगरानी और मौके पर सुधार सुनिश्चित करने पर है। रोहिणी के दोनों वार्डों का निरीक्षण इसी नीति का हिस्सा है।
प्रवेश वाही की अगुवाई में निगम का लक्ष्य साफ है—स्वच्छता केवल नारा नहीं, दिल्ली के हर वार्ड में दिखाई देने वाला बदलाव बने।मेयर का मिशन—स्वच्छ दिल्ली, बेहतर दिल्ली।
