नंगली डेयरी में गंदगी देख भड़के नेता सदन, अफसरों को लगाई फटकार!
जय भगवान यादव का मौके पर बड़ा एक्शन—कच्ची नालियां पक्की होंगी, टूटी सड़कें होंगी दुरुस्त
नई दिल्ली। नंगली डेयरी में बदहाल सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं की शिकायतों पर दिल्ली नगर निगम के नेता सदन जय भगवान यादव ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर अधिकारियों की जवाबदेही तय की। वार्ड-124 में निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने गंदगी, टूटी सड़कों, कच्ची नालियों और मृत पशुओं को समय पर नहीं उठाए जाने की शिकायतें सामने रखीं। यादव ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के ‘दिल्ली को कूड़े से आजादी’ अभियान के तहत किए गए निरीक्षण में नेता सदन ने नंगली डेयरी की गलियों, डेयरियों और सड़कों के आसपास की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
कच्ची नालियां अब नहीं रहेंगी कच्ची
जय भगवान यादव ने अधिकारियों को नंगली डेयरी की कच्ची नालियों को पक्का करने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा।
मृत पशु दिखे तो तत्काल उठेंगे
क्षेत्र में खुले में पड़े मृत पशुओं की शिकायत पर नेता सदन ने संबंधित अधिकारियों को उन्हें तुरंत उठाने और उचित निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही कूड़े और डेयरी से निकलने वाले गोबर के समयबद्ध निपटारे के लिए पर्याप्त मशीनरी और मानव संसाधन तैनात करने को कहा।
सड़कों पर अतिक्रमण भी निशाने पर
निरीक्षण के दौरान सड़कों और सार्वजनिक स्थानों के आसपास अतिक्रमण का मुद्दा भी उठा। यादव ने अधिकारियों को अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने और जरूरत पड़ने पर अन्य सरकारी एजेंसियों के साथ समन्वय कर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
निगम स्कूल में भी पहुंचे यादव
नेता सदन ने नंगली डेयरी स्थित निगम प्राथमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों के लिए पेयजल और शौचालय व्यवस्था को और बेहतर करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नजफगढ़ जोन अध्यक्ष जयवीर सिंह राणा, उपाध्यक्ष सुषमा राठी, वार्ड-124 पार्षद सविता, उपायुक्त शशि प्रताप सिंह, सहायक आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
