माता गुजरी अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, अब गंभीर नवजातों को मिलेगी गहन चिकित्सा सुविधा

महापौर प्रवेश वाही ने 13-बेड NICU, अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण और PMJAY वार्ड का किया लोकार्पण; जल्द लगेगी CT स्कैन मशीन

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के तिलक नगर स्थित माता गुजरी अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को बड़ा विस्तार मिला है। महापौर प्रवेश वाही ने शुक्रवार को अस्पताल में 13-बेड वाले नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (NICU) समेत कई अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और उपकरणों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PMJAY) के लाभार्थियों तथा निगम कर्मचारियों के लिए विशेष वार्ड की भी शुरुआत की गई।

नई NICU सुविधा अस्पताल के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। इसके शुरू होने से गंभीर अवस्था वाले नवजात शिशुओं को तत्काल गहन चिकित्सा, निरंतर निगरानी और आवश्यक उपचार की सुविधा अस्पताल में ही मिल सकेगी। इससे ऐसे मरीजों को बेहतर उपचार के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर करने की आवश्यकता को कम करने में मदद मिलेगी।

आंख, हड्डी और जांच की आधुनिक सुविधाएं भी शुरू

महापौर ने अस्पताल में कलर डॉप्लर अल्ट्रासाउंड मशीन, अस्थि रोग सर्जरी के लिए सी-आर्म मशीन, ऑप्टिकल कोहेरेन्स टोमोग्राफी (OCT) और फेको मशीन सहित अन्य आधुनिक चिकित्सा उपकरणों का भी लोकार्पण किया। इन उपकरणों से आंखों, हड्डियों तथा विभिन्न गंभीर रोगों की जांच और उपचार की सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर महापौर प्रवेश वाही ने घोषणा की कि माता गुजरी अस्पताल में जल्द ही CT स्कैन मशीन भी स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि निगम अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को बेहतर उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़े।

रोजाना 1600 से ज्यादा मरीजों की ओपीडी

महापौर ने कहा कि माता गुजरी अस्पताल में प्रतिदिन 1600 से अधिक मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या और उनकी आवश्यकताओं को देखते हुए अस्पताल में सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। अस्पताल में अब ई-रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके अलावा कलर कोड व्यवस्था के अनुसार प्रतिदिन बेड की चादरें बदली जाती हैं।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के दिशा-निर्देश में शुरू किए गए सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर और आधुनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है। दिल्ली नगर निगम के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना प्राथमिकता है और आने वाले समय में अस्पतालों में आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा।

आधुनिक तकनीक से बढ़ेगी चिकित्सा व्यवस्था : सत्या शर्मा

निगम स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक तकनीक का समावेश समय की आवश्यकता है। माता गुजरी अस्पताल में शुरू की गई नई सुविधाओं और अत्याधुनिक उपकरणों से अस्पताल की कार्यक्षमता बढ़ेगी और इसका लाभ बड़ी संख्या में मरीजों को मिलेगा।

कार्यक्रम में पश्चिमी क्षेत्र वार्ड समिति के अध्यक्ष हरिश ओबरॉय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय निगम पार्षद अशोक मानु ने की।

इस अवसर पर निगम के अतिरिक्त आयुक्त (स्वास्थ्य) पंकज नरेश अग्रवाल, उपायुक्त पश्चिमी क्षेत्र कर्नल विनोद अत्री, निदेशक अस्पताल प्रशासन डॉ. अनुज नारायण माथुर, माता गुजरी अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अलका गुप्ता सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।