चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात, पहचान पत्र के बिना प्रवेश नहीं; ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी
डूसू चुनाव आज, दिल्ली विश्वविद्यालय में कड़ा पुलिस पहरा
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। हिंसा, हुड़दंग और बाहरी तत्वों की संभावित घुसपैठ को देखते हुए उत्तर और पूर्वी दिल्ली के प्रमुख कॉलेजों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी।
शाहदरा जिले के डीसीपी आर.पी. मीणा और अतिरिक्त डीसीपी गीतांजलि खंडेलवाल ने श्याम लाल कॉलेज और विवेकानंद कॉलेज सहित संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह का उपद्रव, फर्जी मतदान या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा का पूरा खाका
भारी पुलिस बल:
स्थानीय पुलिस के साथ अर्धसैनिक बल और बाहरी पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील कॉलेजों के आसपास अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है।
प्रवेश पर सख्ती:
वैध पहचान पत्र के बिना मतदान केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रमुख गेटों पर बैरिकेडिंग और कई स्तरों पर जांच की व्यवस्था रहेगी।
तकनीकी निगरानी:
ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी कैमरों के जरिए मतदान केंद्रों और आसपास के इलाकों पर नजर रखी जाएगी। पुलिस का खुफिया तंत्र भी सक्रिय रहेगा।
ईवीएम की सुरक्षा:
स्ट्रॉन्ग रूम और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की आवाजाही के दौरान विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। ईवीएम की निगरानी के लिए अलग से सुरक्षा दल तैनात किए गए हैं।
दो पालियों में मतदान पर विशेष नजर
श्याम लाल कॉलेज जैसे कुछ मतदान केंद्रों पर सुबह और शाम की दो पालियों में मतदान होना है। पालियों के बीच बदलाव के समय अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस, कॉलेज प्रशासन और निजी सुरक्षा कर्मचारियों के बीच लगातार समन्वय बनाया गया है।
पुलिस के मुताबिक फर्जी मतदान, चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन अथवा बाहरी लोगों के जरिए चुनाव प्रक्रिया प्रभावित करने की कोशिश को गंभीरता से लिया जाएगा। ऐसे मामलों में तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डूसू चुनाव के पूरे क्षेत्र में पुलिस की खुफिया इकाई लगातार निगरानी बनाए रखेगी।
