दीपक आत्महत्या मामला: ‘आप’ पार्षद विजय कुमार की बर्खास्तगी पर भाजपा का हल्लाबोल
हजारों कार्यकर्ताओं के साथ ‘आप’ कार्यालय की ओर कूच, पुलिस ने चांदोलिया समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया; मृत सफाईकर्मी की पत्नी बच्ची को गोद में लेकर पहुंचीं प्रदर्शन में
नई दिल्ली, 20 सितंबर। दिल्ली नगर निगम के सफाईकर्मी दीपक की आत्महत्या के मामले में आम आदमी पार्टी के निगम पार्षद विजय कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर दिल्ली भाजपा ने रविवार को ‘आप’ कार्यालय के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा ने आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने और विजय कुमार को आम आदमी पार्टी से बर्खास्त करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन की सबसे भावुक तस्वीर उस समय सामने आई, जब दिवंगत सफाईकर्मी दीपक की पत्नी संगीता अपनी छोटी बच्ची को गोद में लेकर प्रदर्शन में शामिल हुईं और न्याय की मांग की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस मामले को सफाईकर्मी समाज के सम्मान और अधिकारों से जोड़ते हुए ‘आप’ नेतृत्व से जवाब मांगा।
विंडसर प्लेस से ‘आप’ कार्यालय तक मार्च
सांसद योगेंद्र चांदोलिया के नेतृत्व में विंडसर प्लेस पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एकत्र हुए। प्रदर्शनकारी विजय कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आम आदमी पार्टी कार्यालय की ओर बढ़े। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए दो बैरिकेड लगाए, जिन्हें प्रदर्शनकारियों द्वारा पार कर आगे बढ़ने के बाद पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
पुलिस ने सांसद योगेंद्र चांदोलिया, विधायक रविन्द्र नेगी, विधायक रविकांत उज्जैनवाल और पार्षद प्रियंका गौतम समेत प्रमुख नेताओं को हिरासत में लेकर तिलक मार्ग थाने पहुंचाया। भाजपा के अनुसार, करीब एक घंटे बाद नेताओं को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
चांदोलिया के दो सीधे सवाल
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सांसद योगेंद्र चांदोलिया ने आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से दो सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल, सौरभ भारद्वाज और कुलदीप कुमार सफाई कर्मचारी दीपक को कथित आर्थिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए विवश किए जाने के आरोपों पर चुप क्यों हैं?उन्होंने दूसरा सवाल उठाते हुए कहा कि यदि मामले में लगाए जा रहे आरोप जांच में सही पाए जाते हैं तो आम आदमी पार्टी अपने पार्षद विजय कुमार के खिलाफ संगठनात्मक कार्रवाई कब करेगी?
चांदोलिया ने कहा कि सफाई कर्मचारी दिल्ली को स्वच्छ रखने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं और उनके साथ किसी भी प्रकार का अन्याय या शोषण स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
भाजपा ने कहा—आरोपों की निष्पक्ष जांच हो
विधायक रविन्द्र नेगी, रविकांत उज्जैनवाल, पार्षद प्रियंका गौतम, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील यादव, मयूर विहार जिलाध्यक्ष विजेन्द्र धामा और पूर्व उपमहापौर राजकुमार ढिल्लों समेत अन्य नेताओं ने भी प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया।
वक्ताओं ने कहा कि दीपक की आत्महत्या के मामले में सामने आए आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। यदि जांच में किसी व्यक्ति की भूमिका या आरोप प्रमाणित होते हैं तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
भाजपा नेताओं ने आम आदमी पार्टी पर दलित और सफाईकर्मी समाज के हितों को लेकर सवाल भी उठाए। उन्होंने कहा कि इस मामले में लगाए जा रहे गंभीर आरोपों पर ‘आप’ नेतृत्व को सार्वजनिक रूप से अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।
प्रदेश संगठन से लेकर मोर्चों तक जुटे कार्यकर्ता
प्रदर्शन में दिल्ली भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ अनुसूचित जाति मोर्चा, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, पूर्वांचल मोर्चा और मयूर विहार जिला संगठन के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश भाटिया ने संयोजन किया, जबकि संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील यादव ने किया। विधायक रविकांत उज्जैनवाल, रविन्द्र नेगी, पार्षद प्रियंका गौतम, विजेन्द्र धामा, प्रवीण शंकर कपूर, विनोद बछेती, मनोज कुमार, कौशल मिश्रा, सोना कुमारी, अमित गुप्ता, संतोष ओझा, देवेन्द्र सोलंकी, राज कुमार चोटेला, लीला सिंह, करतार सिंह सहित अनेक नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
